AI के दौर में बदल रहा पर्यटन का अंदाज... सोलो ट्रैवल बढ़ा तो महिला सुरक्षा पर क्यों बढ़ी चिंता?

विश्व पर्यटन दिवस पर लखनऊ में मंथन; विशेषज्ञों ने AI, डिजिटल तकनीक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण को बताया जरूरी

विश्व पर्यटन दिवस पर लखनऊ में AI, सोलो ट्रैवल, महिला पर्यटकों की सुरक्षा और प्राकृतिक स्थलों के संरक्षण पर विशेषज्ञों ने मंथन किया। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने तकनीक के साथ सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया।

लखनऊ, अमृत विचार : पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि एआई और सोशल मीडिया के दौर में पर्यटन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। युवा नए अनुभवों के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक के साथ पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

पर्यटन मंत्री, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को होटल दयाल पैराडाइज में पर्यटन विभाग और यूपीएचआरए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक स्थलों के विकास के जरिए नई पीढ़ी को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है।

उप्र. होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन (यूपीएचआरए) के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार जायसवाल ने कहा कि युवाओं (जेनरेशन-जेड और जेनरेशन-अल्फा) में सोलो ट्रैवल का चलन भी बढ़ रहा है, ऐसे में महिला पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाओं पर ध्यान देना जरूरी है।

कार्यक्रम में पर्यटन के बदलते स्वरूप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण पर मंथन किया गया। विशेषज्ञों ने डिजिटल तकनीक और एआई के इस्तेमाल से प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर पैदा करने, नवाचार को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की।

विद्यार्थियों ने किया आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण

विश्व पर्यटन दिवस पर फिरोजाबाद के पर्यटन ग्राम अकबरपुर (नागऊ, टूंडला) में विद्यार्थियों के आध्यात्मिक भ्रमण और संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। आर्य गुरुकुल महाविद्यालय, सिरसागंज के 115 विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों के दल ने इसमें हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली, मुख्य मंदिर और ऐतिहासिक डाक बंगले का भ्रमण किया।

यह भी पढ़ेंः ITI में नौकरी का मौका: टाटा मोटर्स और हेला इंडिया लगाएंगी मेगा प्लेसमेंट ड्राइव

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.