मुंबई। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे सीनियर भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को आगामी सत्र के लिए मंगलवार को मुंबई की रणजी टीम में शामिल किया गया। रणजी ट्रॉफी में 41 बार के चैंपियन मुंबई को ग्रुप डी में सौराष्ट्र, गोवा और ओडिशा के साथ रखा गया है।
टीम अपने लीग मुकाबले अहमदाबाद में खेलेगी। अध्यक्ष सलील अंकोला, गुलाम पारकर, सुनील मोरे, प्रसाद देसाईऔर आनंद यालविगी की मुंबई की सीनियर चयन समिति ने युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को 21 सदस्यीय टीम का कप्तान चुना है। यह उम्मीद थी कि फॉर्म हासिल करने की कवायद के तहत रहाणे रणजी ट्रॉफी खेलेंगे।
मुंबई के चयनकर्ताओं ने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे आलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर को भी टीम में शामिल किया है। टीम की घोषणा मुंबई क्रिकेट संघ की वेबसाइट पर की गई। सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य तारे और तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को भी टीम में जगह मिली है।
टीम इस प्रकार है…
पृथ्वी शॉ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, यशस्वी जायसवाल, आकर्षित गोमेल, अरमान जाफर, सरफराज खान, सचिन यादव, आदित्य तारे, हार्दिक तमोरे, शिवम दुबे, अमन खान, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, प्रशांत सोलंकी, शशांक अतार्डे, धवल कुलकर्णी, मोहित अवस्थी, प्रिंस बदियानी, सिद्धार्थ राउत, रॉयस्टन डियास और अर्जुन तेंदुलकर।
ये भी पढ़ें : पीवी सिंधु और मीराबाई चानू बीबीसी वर्ष की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में