ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का दिल का दौरा पड़ने से निधन

मुंबई। आधुनिक एकदिवसीय क्रिकेट को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। जोंस आईपीएल के लिए मुम्बई स्टूडियो से कमेंट्री करने भारत आये थे। जोंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट और 164 वनडे खेले …

मुंबई। आधुनिक एकदिवसीय क्रिकेट को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। जोंस आईपीएल के लिए मुम्बई स्टूडियो से कमेंट्री करने भारत आये थे। जोंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट और 164 वनडे खेले थे। वह अपने समय में वनडे में सर्वश्रेष्ठ फिनिशर माने जाते थे।

मेलबोर्न में 24 मार्च 1961 को जन्मे जोंस 52 टेस्टों में 46.55 के औसत से 3631 रन बनाए जिसमें 11 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 164 वनडे मुकाबलों में 44.61 के औसत से 6068 रन बनाए। वनडे में उनके नाम सात शतक और 46 अर्धशतक हैं। प्रथम श्रेणी के 245 मैचों में उन्होंने 19188 रन बनाए जिसमें 55 शतक और 88 अर्धशतक शामिल हैं।

जोंस ने 30 जनवरी 1984 को एडिलेड में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में पदार्पण किया था जबकि उन्होंने इसी साल 16 मार्च को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर करीब आठ साल का रहा और उन्होंने आखिरी टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ सितंबर 1992 में खेला। जोंस ने आखिरी वनडे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह अप्रैल 1994 को खेला था।

स्टार इंडिया ने जोंस के निधन की पुष्टि करते हुए बयान जारी कर कहा, “जोंस का दिल का दौरा पड़ने से अकास्मिक निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय में उनका समर्थन करने के लिए तैयार हैं।” जोंस स्टार इंडिया के लिए कमेंट्री करने मुंबई आये थे जहां एक होटल में जैव सुरक्षित वातावरण में स्टूडियो बनाकर आईपीएल की कमेंट्री की जा रही है।

उन्होंने कहा, “जोंस का दक्षिण एशिया में क्रिकेट विकसित करने में अहम योगदान है। वह युवा क्रिकेटरों को मौका देने के लिए हमेशा तैयार रहते थे। जोंस एक चैंपियन कमेंटेटर थे जिनकी कमेंट्री से करोड़ो प्रशंसक खुश हो जाते थे। विश्वभर में उनके करोड़ों प्रशंसक और स्टार परिवार उन्हें हमेशा याद करेगा।”

जोंस ने भारत के खिलाफ चेन्नई में दोहरा शतक लगाया था। इसके अलावा वह 1987 में एलन बॉर्डर के नेतृत्व में पहली बार विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह कमेंट्री करने लगे थे। 2006 में उनका अनुबंध उस वक्त समाप्त किया गया जब वह दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटर हाशिम अमला को आतंकवादी कहते सुने गए थे। हालांकि वह बाद में पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड के कोच बने और उनके नेतृत्व में इस्लामाबाद ने दो बार खिताब जीता।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).