इंदौर। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 15 साल और 232 दिन की उम्र में पुरुषों के टी-20 इतिहास में सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं। उन्होंने शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार के पहले मैच में उतरकर यह उपलब्धि हासिल की। सूर्यवंशी के लिए यह उपलब्धि उनके छोटे से करियर में एक और बड़ा मुकाम है। जिम्बाब्वे में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने के करीब दस महीने बाद और भारतीय टीम के लिए टी-20 डेब्यू के महज पांच महीने बाद उन्होंने यह इतिहास रचा है। उनकी मौजूदगी से बिहार की टीम को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है, जो 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले चरण में लगातार चार हार के बाद दबाव में थी।
वैभव ने तोड़ा क्रोएशिया के खिलाड़ी का रिकॉर्ड
https://twitter.com/cricinfo/status/2121495084248314259?s=20
वैभव सूर्यवंशी ने इस उपलब्धि के साथ क्रोएशिया के जाक वुकुसिच का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी। यह सूर्यवंशी के छोटे से करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है। वुकुसिच ने 7 अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 17 साल और 311 दिन की उम्र में क्रोएशियाई टीम की कप्तानी की थी। वहीं, वैभव ने महज 15 साल और 232 दिन की उम्र में बिहार की कमान संभालकर उनसे करीब दो साल कम उम्र में यह मुकाम हासिल कर लिया। इस तरह वह पुरुषों के टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए।
इससे पहले दलीप ट्रॉफी में भी संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
https://twitter.com/BCCIdomestic/status/2121473629456326667?s=20
वैभव सूर्यवंशी के लिए कप्तानी से जुड़ी यह इस साल की पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले उन्हें 2026-27 दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन की टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया गया था। उस टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के हाथों में थी। अब बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी संभालकर वैभव ने अपने नेतृत्व कौशल का एक और उदाहरण पेश किया है।
भारत ए के लिए भी खेलेंगे सूर्यवंशी
जिम्बाब्वे में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने के दस महीने और भारत के लिए टी-20 डेब्यू के महज पांच महीने बाद उन्होंने यह मुक़ाम हासिल किया है। सूर्यवंशी के टीम में आने से बिहार को काफी मजबूती मिली है। टीम 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले हिस्से में लगातार चार हार के बाद पहले से ही दबाव में थी। हालांकि, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद सूर्यवंशी सिर्फ 12 गेंदों पर 18 रन ही बना सके। उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। इस मैच के बाद सूर्यवंशी केवल एक और एसएमएटी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भी दिखाया था दम
इसके बाद वह दोहा में 19 नवंबर से शुरू होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार्स एमर्जिग टूर्नामेंट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। यह टूर्नामेंट 50 ओवर के प्रारूप में खेला जाएगा। भारत के लिए सूर्यवंशी का पिछला मैच न्यूजीलैंड दौरे पर था। उस मैच में उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ सिर्फ़ 7.1 ओवर में 133 रन की सलामी साझेदारी की थी और 19 गेंदों पर 45 रन बनाए थे। भारत ने वह सीरीज़ 3-2 से जीती थी और सूर्यवंशी ने उस सीरीज़ में दो टी-20 खेले थे।
शनिवार को सौराष्ट्र के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वैभव सूर्यवंशी ने बिहार के लिए अपना आठवां टी-20 मुकाबला खेला। वहीं, यह उनके करियर का कुल 44वां टी-20 मैच था। इनमें से 23 मुकाबले वह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल चुके हैं। सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहले भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। पिछले साल नवंबर में एसीसी राइजिंग स्टार टूर्नामेंट में भारत ए की ओर से खेलते हुए उन्होंने यूएई के खिलाफ महज 42 गेंदों में 144 रन ठोक दिए थे। इस पारी के साथ उन्होंने किसी भारतीय बल्लेबाज की ओर से संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज टी-20 शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था।