मथुरा, अमृत विचार। हिमाचल प्रदेश के प्रभारी और पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधानसभा चुनाव में चुनौती देने वाले अब खुद पीछे हट गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले ही सरेंडर कर दिया है, क्योंकि उन्हें पता है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। हिमाचल प्रदेश का दौरा कर बुधवार को मथुरा लौटे श्रीकांत शर्मा ने कहा कि एक समय अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे थे, लेकिन अब चुनौती देना तो दूर, वे खुद पीछे हट गए हैं।
10 साल में बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर
प्रदेश के विकास की सराहना करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले अंधेरा शुरू होने और सड़कों पर गड्ढे देखकर ही पता चल जाता था कि उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश हो चुका है। आज हालात बदल गए हैं और प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
राहुल गांधी पर भी बोला हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वह बौखलाहट में हैं और षड्यंत्र के तहत केंद्र सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में जमानत पर बाहर रहने वाला व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को धमकियां दे रहा है।
यूपी में कांग्रेस दो प्रतिशत की पार्टी: श्रीकांत शर्मा
कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महज दो प्रतिशत की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि पार्टी के नेता जमीन पर नहीं उतरते, क्योंकि उन्हें पता है कि जनता के बीच उनके लिए कुछ नहीं बचा है।
यह भी पढ़ें:- Lucknow News : दीपावली पर लखनऊ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, बाजारों में सादे कपड़ों में तैनात होंगे पुलिसकर्मी