लखनऊ,अमृत विचार: औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम तेहराजपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ मुरादगंज स्थित एक क्लीनिक पर उपचार के दौरान डेढ़ माह के मासूम की मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद से मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गाँव में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
जीभ के ऑपरेशन के बाद नहीं थमा खून, बिगड़ी तबीयत
ग्राम तेहराजपुर निवासी कमलेश के पुत्र इसु के डेढ़ माह के बेटे इशांत बाबू की जीभ में कुछ परेशानी थी, जिसके इलाज के लिए उसे मुरादगंज स्थित एक बंगाली चिकित्सक के क्लीनिक ले जाया गया था। परिजनों के मुताबिक, चिकित्सक द्वारा बच्चे की जीभ का ऑपरेशन किया गया था, जिसके बाद उसके मुंह से लगातार खून बहना बंद नहीं हुआ और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ती चली गई। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना की सूचना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे पीआरवी-7040 के माध्यम से थाना अछल्दा पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और पीड़ित परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करनी चाही, लेकिन परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया।