Auraiya News: झाड़ियों में मिला 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, गले पर निशान से हत्या की आशंका

नहर की पटरी के किनारे खेत के पास पड़ा मिला शव, कान से निकल रहा था खून; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, कलाई पर गुदा मिला ‘अंकित कुमार’ नाम

औरैया के अछल्दा में नहर की पटरी के पास झाड़ियों में 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। गले पर निशान और कान से खून मिलने पर हत्या की आशंका जताई गई।

अछल्दा/औरैया, अमृत विचारः थाना क्षेत्र के  निचली नहर गंग की पटरी के किनारे पुराना अछल्दा गांव के सामने सोमवार सुबह खेत के पास खड़ी झाड़ियों में करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के गले पर निशान और कान से खून निकलता देख हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

खेत में पानी लगाने पहुंचे लोगों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पुराना अछल्दा निवासी अनुज तिवारी पुत्र ललितेश के परिजन खेत में पानी लगाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के पास झाड़ियों में पड़े युवक के शव पर पड़ी। परिजनों ने इसकी जानकारी अनुज तिवारी को दी। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी विकास सिकरवार ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक मेवालाल तथा पुलिसकर्मी पवन कुमार, विनोद कुमार, राहुल, विजय और शिवम चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी। युवक के गले पर दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे, जबकि कान से खून निकल रहा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

कलाई पर गुदा मिला ‘अंकित कुमार’ नाम

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक मोबाइल वैन के प्रभारी वीरेंद्र पाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। मृतक ने काली टी-शर्ट, काली जींस और ग्रे रंग के जूते पहन रखे थे। उसके दाहिने हाथ की कलाई पर 'अंकित कुमार' नाम गुदा हुआ प्रतीत हो रहा है, लेकिन धुंधला होने के कारण स्पष्ट रूप से पढ़ा नहीं जा सका।

एक दिन पुराना बताया जा रहा शव

प्रारंभिक जांच में शव करीब एक दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ेंः Hardoi News: रास्ते में दूल्हे को चकमा देकर फरार हुई दुल्हन, 60 हजार रुपये लेकर कराई शादी

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.