अयोध्या। अयोध्या में पीडब्ल्यूडी ने चुनाव की दृष्टि से बड़ा खेला कर दिया। जिलाधिकारी के आवास पर भगवा रंग में लगा जिलाधिकारी आवास का संकेत देने वाला बोर्ड अचानक हरा कर दिया गया। बोर्ड का रंग बदलते देर नहीं हुई कि सरकार बदलने का संकेत मानते हुए सोशल मीडिया पर यह मामला फोटो सहित छा गया तो प्रशासन के कान खड़े हो गए। अब जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को फटकार लगाई है। बोर्ड का रंग अभी भी नहीं बदला गया है।
दरअसल सिविल लाइंस में स्थित जिलाधिकारी के मूल आवास को अब तोड़ दिया गया है। लगभग चार महीने पूर्व जिलाधिकारी का आवास बस स्टेशन के सामने स्थित पीडब्ल्यूडी का डाक बंगला बना दिया गया। तत्कालीन जिलाधिकारी अनुज कुमार झा का आवास जब यहां शिफ्ट हुआ तो जिलाधिकारी के आवास का बोर्ड भगवा रंग का बनाया गया।
ऐन दीपोत्सव के समय अनुज झा को यहां से हटाकर बरेली से नितीश कुमार को भेजा गया। दरअसल, जिलाधिकारी के आवास का यह बोर्ड कल तक भगवा ही था। बुधवार दोपहर पूर्व अचानक बोर्ड और उसका रंग बदलते हुए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। तमाम डिजिटल समाचारों के प्लेटफार्म पर यह खबरें चलने लगीं। इस बीच भाजपा के लोगों का मानना है कि जिस तरह से यह मामला वायरल हुआ है इससे आगे के दो चरणों में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं समाजवादी पार्टी के खेमे में इसे लेकर खुद की सरकार आने के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्टें डाली जा रही हैं। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक जिलाधिकारी के इस अस्थायी आवास पर बोर्ड हरे रंग का ही है, जबकि सिविल लाइंस स्थित स्थायी आवास जो तोड़ दिया गया है वहां पर लगा बोर्ड आज भी भगवा है।