अयोध्या। जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र के कपासी गांव के सामने स्थित फाटक रहित रेल क्रासिंग पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। गुरुवार सुबह रेलवे पटरी पर मोटरसाइकिल फंसने से बाइक सवार उसे छोड़कर भाग गया।
इस दौरान ट्रैक पर आ रही टाटा अमृतसर एक्सप्रेस ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। तेजी से कंपन की आवाज सुन आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि ट्रेन बेपटरी नहीं हुई। बाइक के तो परखच्चे ही उड़ गए।
अमृतसर से बिहार के टाटानगर जा रही ट्रेन लखनऊ से छूटने के बाद अयोध्या आ रही थी। सुबह 6 बजे के करीब कपास क्षेत्र के कपासी गांव के सामने वाली क्रासिंग से एक बाइक सवार सब्जी व्यापारी गुजर रहा था।
अचानक पटरी में उसकी बाइक फंस गई। ट्रेन को अपनी तरफ आता देख वह बाइक छोड़कर भाग गया। ट्रेन अपनी स्पीड में थी और आगे आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार थोड़ी दूर तक घसीटते ले गई। बाइक के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए हैं। हादसे के 15 मिनट बाद ट्रेन को अयोध्या के लिए रवाना किया गया। ट्रैन रुकने की वजह से काफी यात्री नीचे उतर आए थे।
घटना के बाद रेल को रवाना कर उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई हैl आएपीएफ की टीम फैजाबाद से घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैl यह टीम सोहावल स्टेशन मास्टर पीआर मीना से बात व घटना स्थल के निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई करेगीl सूत्रों के अनुसार इस मामले में आरपीएफ की ओर से मुकदमा दर्ज कराए जाने की तैयारी चल रही हैl
16 मई को जनपद के रुदौली रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे क्रासिंग पर भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। ट्रेन आने के बावजूद रेलवे क्रासिंग पार कर रहा युवक घबराकर बाइक छोड़कर भाग गया था,जिसके बाद जोरदार टक्कर लगने से बाइक में आग लग गई थी। उस समय भी टाटा अमृतसर ट्रेन ही थी। हालांकि पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पढ़ें- सीकर: कार और ट्रक की टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत, एक घायल