अयोध्या : 'विक्रम' ने जैसे ही रखा चांद पर कदम, चहुंओर गूंजा वंदेमातरम

अयोध्या, अमृत विचार। बुधवार को चन्द्रयान - 3 के चन्द्रमा पर उतरने के ऐतिहासिक क्षणों को सहेजने के लिए सवा घंटे लोग दिल थाम ईश्वर से प्रार्थना करते हुए बैठे रहे। इंतजार का एक - एक पल लोगों की आतुरता का वेग बढ़ाता रहा। छह बजकर चार मिनट पर जैसे ही चन्द्रयान - 3 के लैंडर विक्रम ने चन्द्रमा की सतह पर कदम रखा लोग खुशी का इजहार करते हुए बल्लियों उछल पड़े, एक - दूसरे को बधाईयाँ देते हुए जय हिंद और वंदे मातरम का उदघोष किया। लोग तिरंगा लहराते हुए निकल पड़े और मिठाइयां बांटी। शैक्षिक संस्थानों, बाजारों और घरों में लोगों के बीच उल्लास छाया रहा। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपने-अपने ढंग से अपनी भावनाओं का प्रकटीकरण किया।

बुधवार सुबह से लोगों को 5 बजने का इंतजार था, घड़ी की सुईयां जैसे ही 5:15 पर पहुंची लोग टीवी, मोबाइल, लैपटॉप लेकर बैठ गए। लाइव प्रसारण के दौरान एक - एक पल चन्द्रमा फतेह के लिए इंतजार होता रहा। लोगों की सांसे थमी रही तो प्रार्थना भी चलती रही। जैसे ही लैंडर ने चन्द्रमा की सतह छुई वैसे ही राष्ट्रीय पर्व का उल्लास चहुंओर फैल गया। सरकारी दफ्तरों, निजी प्रतिष्ठानों समेत बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में चंदा माम को पास का करने पर लोगों खुशी का इजहार किया।

उत्साही युवा तिरंगा लहराते हुए जय घोष के साथ निकले। परिवारों में भी लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए एक - दूसरे का मुंह मीठा कराया। भाजपा कार्यालय में सांसद लल्लू सिंह के नेतृत्व में जश्न मनाया गया और आतिशबाजी की गई। सांसद ने कहा कि आज भारत श्रेष्ठ भारत हो गया। नगर निगम के प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने लाइव प्रसारण देखते हुए कहा कि यह विश्व विजयी भारत की ओर अहम कदम है। भवदीय पब्लिक स्कूल में चन्द्रयान 3 को देखकर बच्चे खूब उत्साहित हुए। बुधवार को स्कूल दोपहर एक बजे से शुरू होकर  शाम को 7 बजे बंद हुआ। वहीं जीआईसी में बच्चों ने जश्न मनाया तो विभिन्न मोहल्लों में बच्चे तिरंगा लेकर घूमे। वहीं परिषदीय विद्यालयों में जैसे तैसे बच्चों को लाइव प्रसारण दिखाया जा सका। अधिकतर स्कूलों के जहां न खुलने की सूचना रही वहीं जहां खुले भी वहां मोबाइल और लैपटॉप का सहारा लिया गया। शहीद भगतसिंह स्मृति ट्रस्ट के चेयरमैन सत्यभान सिंह जनवादी ने कहा कि आज पूरी दुनिया मे अपने देश के वैज्ञानिकों ने  इतिहास रच दिया है।

यह भी पढ़ें : बहराइच : विश्व हिंदू परिषद ने छह लोगों की कराई घर वापसी

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).