दिवाली पर अयोध्या आना महंगा, दिल्ली-मुंबई से ट्रेनों में सीट फुल, हवाई जहाज के यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी

दिवाली पर अयोध्या जाने का प्लान बना रहे हैं तो यात्रा का बजट बढ़ सकता है। त्योहार के दौरान बढ़ती मांग के चलते होटल, परिवहन और ठहरने की व्यवस्था महंगी पड़ सकती है। अयोध्या में दीपोत्सव के आकर्षण के बीच श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा की योजना पहले से बनाने की जरूरत है।

अयोध्या, अमृत विचार। दिवाली के त्योहार को लेकर परदेश में कमाने वाले लोगों में घर लौटने की बेचैनी चरम पर है। दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से अयोध्या आने वाली ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। इसके बाद यात्री हवाई यात्रा का रुख कर रहे हैं, लेकिन फेस्टिवल सीजन का लाभ उठाते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने बड़े शहरों से अयोध्या आने वाली उड़ानों के किराए में लगभग दोगुनी वृद्धि कर दी है। नतीजा यह है कि दिल्ली से अयोध्या आने में 12 हजार रुपये तक और मुंबई से आने में 20 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

दिवाली पर रामनगरी पहुंचने की होड़ इस साल पहले से कहीं ज्यादा तेज है। परदेश में काम करने वाले श्रमिक, व्यापारी और सेवा क्षेत्र के लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए बेताब हैं। दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से अयोध्या आने वाली अधिकांश ट्रेनों में आरक्षण पहले ही बंद हो चुका है। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट भी बहुत लंबी है। ऐसी स्थिति में यात्री हवाई जहाज का विकल्प चुनने को मजबूर हो रहे हैं। हवाई अड्डे पर भीड़ बढ़ने के साथ ही किराए भी आसमान छू रहे हैं। एयरलाइंस कंपनियों ने पांच से आठ नवंबर के बीच दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से अयोध्या आने वाली उड़ानों के किराए में भारी इजाफा कर दिया है। खोजनपुर निवासी अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी पुत्री दिल्ली में जॉब करती है। ट्रेनों में सीट नहीं है। सात नवंबर तक फ्लाइट की टिकट काफी महंगी है। दिवाली के दिन ही वह फ्लाइट से यहां पहुंचेगी।

दीपोत्सव भी भुनाने में जुटीं एयरलाइन्स कंपनियां

दरअसल दिवाली के साथ ही अयोध्या में दीपोत्सव की भी छटा बिखरेगी। दीपोत्सव को लेकर बड़ी संख्या में हर वर्ष पर्यटक अयोध्या आते हैं। अयोध्या एयरपोर्ट बन जाने के बाद से विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। माना जा रहा है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने किराए में दोगुना इजाफा कर दिया है। अयोध्या एयरपोर्ट डायरेक्टर, धीरेंद्र सिंह ने बताया यह फैसला एयरलाइन्स कंपनियों द्वारा लिया जाता है। अक्सर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरलाइन्स कंपनियां किराए में वृद्धि कर देती हैं। 

जानिए, पांच से आठ नवंबर के बीच कितना है किराया

तिथि-दिल्ली-मुंबई-अहमदाबाद

5-8150-16205-18884

6-12868-19816-19634

7-8156-19868-25548

8-5533-16205-11021

नोट-किराए वेबसाइट्स से लिए गए हैं।

ये भी पढ़ें :
'मिठाई-नमकीन कारोबार पर सख्ती, खाद्य सुरक्षा मानकों की होगी जांच', खुले काउंटर पर मिठाइयों की ‘यूज बाय डेट’ बताना होगा अनिवार्य

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.