बागपत: दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार को गोली मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रमाला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वारदात में शामिल दोनों वांछित आरोपियों धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पड़ोसियों के विवाद में चली थी गोली
मामला बागपत के थाना रमाला क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को दिवाली की रात पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ फायरिंग शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान धीरज ने गोली चलाई, जो दीवार से टकराकर दिशा बदलते हुए राष्ट्रपति भवन में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात सौरभ कुमार के सिर में जा लगी। इस घटना में सौरभ का भाई विपिन भी घायल हो गया था।
मेरठ के अस्पताल में हुआ था ऑपरेशन
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल मेरठ के मिमेन्स (MIMHANS) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उनके सिर से गोली निकाल दी थी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।
https://twitter.com/baghpatpolice/status/2121070578446852531?a=ME1pPlvpYykBsQmd9nE&s=20
10-10 हजार रुपये का घोषित था इनाम
इस मामले में थाना रमाला में मुकदमा संख्या 251/2026 दर्ज किया गया था। दोनों नामजद आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बागपत के पुलिस अधीक्षक ने 11 नवंबर को धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इसके बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। आखिरकार 13 नवंबर को थाना रमाला पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उनके पास से दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।