UP Police: बलिया के SI ने ट्रेन से कूदकर दी जान, ट्रेक पर मिला शव

बलिया के चितबड़ागांव थाने में 11 महीने से तैनात थे एसआई संदीप कुमार प्रजापति, धर्मापुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिला शव; खुदकुशी की वजह अभी साफ नहीं

Ballia News: बलिया में 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रजापति ने सारनाथ एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। चितबड़ागांव थाने में थे तैनात, आत्महत्या की वजह अज्ञात।

बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां पुलिस विभाग में तैनात 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रजापति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार शाम धर्मापुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर उन्होंने सारनाथ एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास उनकी बुलेट बाइक खड़ी मिली। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

11 महीने से चितबड़ागांव थाने में थे तैनात

जानकारी के मुताबिक, संदीप कुमार प्रजापति पिछले 11 महीने से बलिया के चितबड़ागांव थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वह थाने के मुख्य गेट के सामने स्थित एक निजी क्वार्टर में रहते थे। शनिवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच वह अपनी बुलेट बाइक से धर्मापुर गांव के पास पहुंचे। यह स्थान थाने से लगभग पांच किलोमीटर दूर है। यहां उन्होंने रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी।

घटनास्थल पर खड़ी मिली बुलेट बाइक

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम रेलवे ट्रैक पर पहुंची। मौके पर एक बुलेट बाइक खड़ी मिली। जांच के दौरान मृतक की पहचान सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रजापति के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।

संतकबीरनगर के रहने वाले थे संदीप

संदीप कुमार प्रजापति मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के बरांव गांव के निवासी थे। वर्ष 2023 में पुलिस विभाग में उनकी भर्ती हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, एक बच्चा और मां हैं। उनके पिता रामाश्रय प्रजापति का पहले ही निधन हो चुका है। संदीप की मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस अधीक्षक ने दी घटना की जानकारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि चितबड़ागांव थाने को रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक बुलेट बाइक खड़ी मिली। जांच में मृतक की पहचान सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार के रूप में हुई। एसपी के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह भी पढ़ेंः UP Elections 2027: यूपी में 181 सीटों पर कांग्रेस का दावा, शिवपाल ने दिखाया आईना! बोले- 65 से ज्यादा नहीं... मान जाए पार्टी

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.