Viral Video: बाइक है या मिनी बस? एक मोटरसाइकिल पर सवार हुए इतने बच्चे, जुगाड़ देख चकराया सिर

देवा मेला से लौट रहा था राम आधार का परिवार, लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर अनोखी गाड़ी ने खींचा लोगों का ध्यान

बाराबंकी में देसी जुगाड़ का अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां एक शख्स बाइक के पीछे लकड़ी की ठेलिया जोड़कर 15 लोगों के परिवार को बैठाकर सफर करता नजर आया। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर इस अनोखे वाहन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जुगाड़ की चर्चा के बीच सड़क सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बाराबंकी, अमृत विचार। देसी जुगाड़ के मामले में भारतीयों की कल्पनाशक्ति का कोई जवाब नहीं! कभी बाइक को कार बना दिया जाता है तो कभी ठेलिया को सवारी गाड़ी। लेकिन बाराबंकी में जुगाड़ का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राह चलते लोगों को हैरान कर दिया। यहां एक शख्स ने अपनी बाइक के पीछे लकड़ी की ठेलिया जोड़कर उसे ऐसी सवारी गाड़ी बना दिया, जिस पर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 15 लोग सवार होकर सफर करते नजर आए। लखनऊ-अयोध्या हाईवे से गुजर रहे इस अनोखे वाहन को देखकर लोग कुछ देर के लिए ठिठक गए।

दरअसल, देवा मेला से लौट रहे राम आधार नाम के व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल के पीछे लकड़ी की ठेलिया जोड़ रखी थी। इसी ठेलिया पर उनके नाती-पोतों समेत परिवार के कुल 15 सदस्य सवार थे। आगे बाइक दौड़ रही थी और पीछे ठेलिया पर पूरा कुनबा बैठा सफर का आनंद ले रहा था। इस अनोखे नजारे को देखकर राहगीरों के मन में भी सवाल उठने लगे कि आखिर यह बाइक है, ठेलिया है या फिर सड़क पर दौड़ती मिनी बस!

साइलेंसर की आवाज भी बनी चर्चा का विषय

इस जुगाड़ वाहन की खासियत सिर्फ इतनी ही नहीं थी कि बाइक के पीछे ठेलिया जोड़ दी गई थी। मोटरसाइकिल में लगा तेज आवाज वाला साइलेंसर भी लोगों का ध्यान खींच रहा था। इसकी आवाज दूर से ही सुनाई दे रही थी। वाहन को स्टार्ट करने का तरीका भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। दूर से देखने पर यह सामान्य ठेलिया लगती है, लेकिन पास आने पर आगे जुड़ी बाइक इसकी पूरी कहानी बयां कर देती है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस अनोखे जुगाड़ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, यह नजारा भले ही लोगों के लिए मनोरंजन और कौतूहल का विषय बन गया हो, लेकिन एक बाइक के पीछे ठेलिया जोड़कर 15 लोगों का सफर करना बेहद जोखिम भरा है।

सड़क पर इस तरह की असुरक्षित सवारी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इस तरह के खतरनाक जुगाड़ पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब कदम उठाएंगे? क्योंकि जुगाड़ भले ही लोगों को चौंका दे, लेकिन सड़क पर सबसे जरूरी चीज सुरक्षा ही है।

ये भी पढ़ें :  
संग्रामगढ़ मेले में दुकानदारों से अवैध वसूली : सांसद प्रमोद तिवारी ने खोला मोर्चा; प्रतापगढ़ में दो सिपाही लाइन हाजिर

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.