Barabanki News: आतिशबाजी बनी आफत! जलता रॉकेट कबाड़ गोदाम में गिरा, तीन घंटे तक धधकती रही आग

दीपावली की रात लखपेड़ाबाग कॉलोनी में मची अफरा-तफरी, दमकल की तीन गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, लाखों का सामान जलकर राख

बाराबंकी के लखपेड़ाबाग स्थित कबाड़ गोदाम में दीपावली की आतिशबाजी के दौरान जलता रॉकेट गिरने से भीषण आग लग गई। तीन दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

बाराबंकीः दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान हुई एक छोटी सी लापरवाही ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के लखपेड़ाबाग कॉलोनी स्थित पायनियर चौराहे पर जलता हुआ रॉकेट एक कबाड़ गोदाम में जा गिरा। इसके बाद गोदाम में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में उठती ऊंची लपटों से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात करीब आठ बजे इलाके के लोग पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान आसमान में छोड़ा गया एक जलता हुआ रॉकेट अपना रास्ता भटककर कबाड़ गोदाम में जा गिरा। गोदाम में रखे कबाड़ ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि करीब तीन घंटे तक लपटें उठती रहीं। दमकल कर्मियों ने लगातार मशक्कत करने के बाद रात में आग पर काबू पाया।

गोदाम मालिक अब्दुल रशीद के मुताबिक, जलते हुए रॉकेट के गोदाम में गिरने से आग लगी थी। हादसे में अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग से गोदाम को भारी नुकसान पहुंचा है और लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।

यह भी पढ़ेंः UP में काल बनीं रफ्तार : मुजफ्फरनगर से लखनऊ के बीच हादसों का कहर, 21 की लोगों की मौत, 56 घायल 

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.