Barabanki News : चौकी से एसपी तक लगाई गुहार, फिर भी नहीं बची मनोहर की जान! परिजनों ने पुलिस और राजस्व विभाग पर लगाया लपरवाही का आरोप

बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में 38 वर्षीय मनोहर की हत्या के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर तीन घंटे तक हंगामा किया। पुलिस और राजस्व विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए।

बाराबंकी के बस्ती गांव में छज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में 38 वर्षीय मनोहर की हत्या के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर तीन घंटे तक हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस और राजस्व विभाग पर पुरानी शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। एएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में माती थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में युवक मनोहर की हत्या के बाद बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शव घर के बाहर रखकर विरोध जताया और सड़क जाम करने की तैयारी करने लगे। करीब तीन घंटे तक हंगामे और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी। 

ग्रामीणों का आरोप था कि छज्जा निकालने को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद की शिकायतों पर पुलिस और राजस्व विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। प्रशासन की इसी कथित लापरवाही का खामियाजा मनोहर को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। ग्रामीणों के विरोध के दौरान माती थाना प्रभारी अजय त्रिपाठी भी लोगों से घिरे रहे। हालांकि उन्होंने मौके पर प्रदर्शन होने से इनकार किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

दरअसल, बस्ती गांव में छज्जा निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम ठेलिया निकालने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष पर टूट पड़े। मारपीट में करीब चार लोग घायल हो गए। इसी दौरान बांके से किए गए हमले और गंभीर चोटों के चलते 38 वर्षीय मनोहर की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। वारदात के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। 

चौकी से एसपी तक की थी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई: परिजन

मृतक के भाई राजेश का आरोप है कि आरोपी पड़ोस में ही रहते हैं और छज्जा निकालने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में चौकी, थाने से लेकर एसपी तक शिकायत की गई, लेकिन पुलिस और राजस्व विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। दोनों पक्षों को पाबंद कर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई। 

अस्पताल में भर्ती घायल केतकी ने भी पुलिस और राजस्व टीम पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो मनोहर की जान बच सकती थी। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि पुलिस की ओर से दोनों पक्षों को पाबंद किया गया था। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, सपा देखती रह जाएगी सपने

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।