Barabanki News : खेत में मिले कंकाल का रहस्य बरकरार... हत्या, गैंगरेप या ऑनर किलिंग? DNA रिपोर्ट से खुलेगा युवती की मौत राज

लापता बेटी के रूप में पिता ने की पहचान, दो युवकों पर हत्या और सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई; ऑनर किलिंग की चर्चा के बीच पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच

बाराबंकी के रामनगर में धान के खेत में मिले कंकाल को एक व्यक्ति ने अपनी लापता बेटी का बताया है। पिता ने गांव के दो युवकों पर हत्या और सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। पुलिस ने डीएनए सैंपल लिया है और हत्या, सामूहिक दुष्कर्म तथा ऑनर किलिंग समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर थाना क्षेत्र में धान के खेत में मिले युवती के कंकाल का रहस्य अभी बरकरार है। पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। कंकाल लापता युवती का ही है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम और डीएनए सैंपलिंग की कार्रवाई के बाद शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दफना दिया गया।

बताते चलें कि थाना क्षेत्र के एक गांव के पास धान के खेत में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। मौके से कुछ कपड़े और चप्पलें भी बरामद हुई थीं। सूचना पर पहुंचे एक व्यक्ति ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर कंकाल की पहचान अपनी बेटी के रूप में की थी। पिता ने गत 16 अक्टूबर को बेटी के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। उसने बेटी को भगाकर ले जाने की आशंका जताते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

अब कंकाल मिलने के बाद पिता ने गांव के ही दो युवकों पर बेटी की हत्या कर शव खेत में फेंकने का आरोप लगाया है। उसने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। गुरुवार रात एसपी रवीना त्यागी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की थी। वहीं, शुक्रवार को पुलिस ने मृतका के पिता को थाने बुलाकर पूरे दिन पूछताछ की।

ऑनर किलिंग की चर्चाएं, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच

उधर, गांव में इस घटना को लेकर ऑनर किलिंग की चर्चाएं भी हो रही हैं। आरोपी पक्ष की ओर से भी खुद को निर्दोष बताते हुए दोष साबित होने पर सजा देने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। हत्या, सामूहिक दुष्कर्म या ऑनर किलिंग समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि कंकाल का पोस्टमार्टम कराने के साथ डीएनए सैंपल लिया गया है। पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News: 27 दिन तक तलाशती रह गई पुलिस, खेत में मिला युवती का कंकाल, पिता ने लगाए गंभीर आरोप

 

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।