शाहजहांपुर, अमृत विचार। जलालाबाद क्षेत्र में बिजली विभाग के उपकरणों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। तीन अलग-अलग तारीखों में विद्युत तार, केबल और अन्य उपकरण चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। विभाग की ओर से चोरी से हुई क्षति का आकलन करीब तीन करोड़ 56 लाख 33 हजार रुपये किया गया है। अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
33/11 केवी उपकेंद्र जलालाबाद (ग्रामीण) में तैनात अवर अभियंता जगदीश सिंह ने थाना परशुरामपुरी (जलालाबाद) में दी तहरीर में बताया कि पांच अक्टूबर, 15 अक्टूबर और एक नवंबर 2026 को अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात लोगों ने विद्युत तार, केबल और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। चोरी की घटनाओं से विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
3.56 करोड़ रुपये की क्षति का आकलन
अवर अभियंता ने चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। तहरीर में विभागीय क्षति की धनराशि 3,56,33,000 रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़ें:-नहीं लागू होगी UGC !... राजा भैया का दो टूक बयान, बोले- हमने कह दिया तो कह दिया, देखें वीडियो