जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इंद्रसेन सरोज ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थी, अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर, छात्रवृत्ति की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरा करने के बाद उसकी हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना अनिवार्य होगा। संस्थान 23 नवंबर तक आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से भी सत्यापन किया जाएगा।
नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थियों का डाटा एक से आठ दिसंबर तक लॉक किया जाएगा। इसके बाद नौ से 13 दिसंबर तक छात्रवृत्ति की मांग तैयार होगी और 14 से 31 दिसंबर के बीच खातों में धनराशि भेजी जाएगी। वहीं, नए आवेदकों के डाटा लॉक करने की प्रक्रिया 16 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। इनके लिए 16 से 24 जनवरी तक छात्रवृत्ति की मांग तैयार की जाएगी। इसके बाद 25 से 31 जनवरी 2027 तक पात्र विद्यार्थियों के खातों में धनराशि भेजी जाएगी।
आवेदन के बाद संस्थान में जमा करें हार्डकॉपी
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद विद्यार्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थान स्तर पर सत्यापन के बाद ही आवेदन आगे बढ़ाया जाएगा। इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन और दस्तावेज जमा करना बेहतर होगा।