बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत की अफवाह उड़ने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाया। लोगों ने पुलिस पर एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी अजय उर्फ विक्की यादव के परिजनों ने बताया कि विक्की रक्षाबंधन पर अपनी पत्नी को मायके से वापस घर ला रहा था। रास्ते में ही दलेर सिंह व उसका बेटा चंदू यादव, बहादुर कश्यप व रोहन ठाकुर अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस खड़े थे।
आरोपियों ने विक्की को रास्ते में ही घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े का शोर सुनकर जब परिजन पहुंचे तो आरोपियों ने तमंचे आदि से फायर करने शुरू कर दिए। फायरिंग के दौरान विक्की छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस आने तक आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वहीं विक्की को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन पहले विक्की को पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शनिवार को उसकी तबियत अचानक बिगड़ने पर किसी ने उसकी मौत की अफवाह फैला दी। उसी समय बारादरी पुलिस वहां पहुंची और आरोपियों के बारे में पूछताछ करने लगी। अस्पताल परिसर में ही बारादरी पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी न करने व कार्रवाई में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा कर दिया। वहीं चिकित्सकों द्वारा अफवाह के खंडन के बाद व पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हुए।