बरेली, अमृत विचार। मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज में केक काटकर खिलाड़ियों व शिक्षकों ने राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया। इस मौके पर स्टेडियम में अभ्यास करने वाले 17 खिलाड़ियों को व्यापार मंडल की ओर से हॉकी व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाला और खेलों में उनके योगदान के बारे में बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर देश का नाम रौशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य बीएल गौतम, उप प्रधानाचार्य डा. अवनीश कुमार यादव ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
हाकी स्टिक भी दी
वहीं जीआईसी के 30 खिलाड़ियों को भी कॉलेज प्रशासन की ओर से हॉकी स्टिक व स्मृति चिह्न देकर उत्साह वर्धन किया गया। इसके अलावा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने 17 हॉकी खिलाड़ियों का एक-एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
वहीं पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों ने भी इन खिलाड़ियों को एक-एक ट्रैक सूट भी उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम में आरिफ शाह, मुनीश कश्यप, मोहम्मद शान, विशाल मौर्य, फिरोज, डा. हरमिंदर सिंह, दिनेश राठौर व अर्चना राजपूत आदि उपस्थित रहे।