बरेली: इस बार तो फूफा सच में नाराज हो जाएंगे

बरेली,अमृत विचार। अनलाक-1 में सरकार ने शादी के लिए छूट तो जरूर दी है लेकिन उसके लिए अनुमति की शर्तें काफी सख्त हैं। इनमें जो सबसे कठिन शर्त है, वह समारोह में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 30 तक सीमित करना है। इन 30 सदस्यों में बाराती और जनाती के साथ-साथ बाकी लोगों को …

बरेली,अमृत विचार। अनलाक-1 में सरकार ने शादी के लिए छूट तो जरूर दी है लेकिन उसके लिए अनुमति की शर्तें काफी सख्त हैं। इनमें जो सबसे कठिन शर्त है, वह समारोह में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 30 तक सीमित करना है। इन 30 सदस्यों में बाराती और जनाती के साथ-साथ बाकी लोगों को भी शमिल किया गया है।

ऐसे में वर हो या वधू पक्ष, दोनों के लिए शादी करना और रिश्तेदारों को बुलाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। जिसके चलते शादियों में अक्सर मजाक में कही जाने वाली वह कहावत सच हो रही है कि अब तो फूफाजी नाराज हो जाएंगे। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी कई जोक वायरल हो रहे हैं।

मिली छूट के मुताबिक सिर्फ 30 लोगों को शादी समारोह में शामिल करना है। ऐसे में दिक्कत यह है कि 30 लोगों में सारे रिश्तेदारों को बुला पाना असम्भव जैसा है। क्योंकि इसमें परिवार के ही सारे सदस्य मुश्किल से शिरकत कर पाएंगे। इन 30 में दोनों पक्षों से अधिकतम 15-15 लोग शामिल हो सकते हैं। साथ ही बारातघर का गार्ड, ढोल-नगाड़े वाला, गाड़ियों के ड्राइवर, खानसामा, वेटर तक इन्हीं 30 में शामिल होंगे।

यही नहीं अनुमति लेने के लिए इन सभी के नाम लिखित में देने होंगे। ऐसे में वर और वधू दोनों पक्षों के लिए फूफाजी को मना पाना काफी मुश्किल होगा। दरअसल फूफाजी नाराज हो जाएंगे वाली कहावत इसलिए कही जाती है क्योंकि फूफाजी का पद दोनों पक्षों में मान्य का होता है और उन्हें अगर उनके मन का सम्मान नहीं मिलता है, तो वह इस बात से बहुत जल्द नाराज हो जाते हैं। हालांकि कई फूफाजी ऐसे भी होते हैं तो ऐसी स्थिति में समझदारी दिखाकर शांत रहते हैं और खुश रहते हैं।

कैसे होगी शादी
एक परिवार ने बताया कि उनके बेटे की शादी में शामिल होने वालों की सूची बनाई तो उसमें चार ढोल वाले और चार खाने-पीने की व्यवस्था देखने वाले ही जुड़ गए। फिर माता-पिता, दूल्हा, उसके तीन भाई-बहन जोड़कर संख्या 14 पहुंची। फिर दामाद और समधन को जोड़ने पर संख्या 16 के पार जा रही है। बार-बार लिस्ट बनाकर लोगों के नाम काटे और जोड़े जा रहे हैं। तीस लोगों की ऐसी शर्त के साथ हमारे लिए शादी कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा है। इसलिए हम कुछ दिन बाद शादी की तारीख निकलवाने की कोशिश में लगे हैं।

बरात ले जाने को तहसीलों में मिलेगी अनुमति
जिन लोगों के परिवार में शादी की शहनाई बजने की खुशियां मनाई जा रही हैं। वे बरात ले जाने की अनुमति के लिए परेशान न हों। उन्हें दूरदराज बरात ले जाने के लिए अनुमति लेने की जरूरत है लेकिन अनुमति लेने के लिए कलेक्ट्रेट के चक्कर नहीं काटने होंगे। व्यक्ति अपने गांव से संबंधित तहसील से अनुमति ले सकते हैं। उप जिलाधिकारी के हस्ताक्षर से अनुमति जारी की जा रही है। अनुमति लेने के लिए तहसील में फार्म भरा जाएगा। उसके साथ प्रार्थना पत्र व फोटो भी लगेगा। अनलाक-1 की गाइड लाइन में 30 लोगों को बरात के साथ ले जाने की अनुमति दी जाएगी।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).