बरेली: पूर्वोत्तर रेलवे की बैठक, संसद सदस्यों और सासंद प्रतिनिधियों ने अहम मुद्दों पर की चर्चा

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के सेवित क्षेत्रों के संसद सदस्यों एवं सांसद प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे अशोक कुमार मिश्र ने याँत्रिक कारखाना, इज्जतनगर के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत सहित पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं मंडल के शाखा अधिकारियों ने …

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के सेवित क्षेत्रों के संसद सदस्यों एवं सांसद प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे अशोक कुमार मिश्र ने याँत्रिक कारखाना, इज्जतनगर के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत सहित पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं मंडल के शाखा अधिकारियों ने बैठक में प्रतिभाग किया।

बैठक की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद, बरेली संतोष गंगवार ने की। सांसद, बदायूँ संघमित्र मोर्या ने सुझाव दिया कि जनहित में बदायूँ से दिल्ली व लखनऊ सीधी ट्रेन सेवा उलपब्ध कराई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि बदायूँ लोकसभा क्षेत्र मे आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों का जीर्णोद्धार किया जाए।

मौर्या ने बताया कि यादपुर (बिसौली) में एक रेल फाटक था जो कि बंद कर दिया गया है एवं इस फाटक से होकर गुजने वाले यातायात को 10 किमी दूर रेलवे फाटक से गुजरना पड़ता है। अतः यादपुर फाटक से समुचित व्यवस्था यथाशीघ्र दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने मांग की कि बरेली-बदायूँ मुख्य मार्ग पर मलगाँव एवं बदायूँ-दातागंज मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे फाटकों पर प्राथमिकता के आधार पर अंडरपास बनाना नितांत आवश्यक है और बरेली में लाल फाटक पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज को जनहित में शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण कराया जाए।

वहीं सासंद राज्यसभा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्रीय विकास एवं सहकारिता मंत्री बी.एल. वर्मा ने सुझाव दिया कि कछला रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण किया जाए और उझानी-कछला के बीच बितरोई समपार फाटक पर अंडरपास अथवा ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाय। साथ ही बदायूँ के निकट समपार संख्या 285 पर भी अंडरपास बनाया जाए।

बैठक के दौरान पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी के प्रतिनिधि  दीपक पांडेय ने मांग की कि पीलीभीत से मथुरा के लिए बांसुरी एक्सप्रेस के नाम से सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि पीलीभीत- शाहजहाँपुर रेल खंड से लखनऊ के लिए रेल सेवा प्रदान की जाए। पीलीभीत स्टेशन परिसर में सुलभ शौचालय की व्यवस्था की जाए ताकि स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों पर अनावश्यक रूप गंदगी का फेलाव न हो। पीलीभीत-शाहगढ़ रेल खंड का आमान परिवर्तन कार्य तेजी से पूर्ण कराया जाए।

रामपुर के सांसद घनश्याम लोधी के प्रतिनिधि नरेन्द्र सिंह ने मांग की कि बिलासपुर रोड स्टेशन पर इज्जतनगर मंडल द्वारा संचालित गाड़ी संख्या 12091/12092 तथा 12039/12040 का ठहराव बिलासपुर रोड स्टेशन प्रदान किया जाय। रामपुर रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों के मार्ग दर्शन के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाये जाएं।

तो वहीं फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि अनूप मिश्र ने रेलवे प्रशासन का ध्यानाकर्षण करते हुए मांग की कि फतेहगढ़ में लोको शेड की जमीन पर अतिक्रमण को हटाया जाए। फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर रेल नीर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। फर्रुखाबाद को बरेली से सीधी ट्रेन सेवा से जोड़ा जाए तथा फर्रुखाबाद से दक्षिण भारत के लिए ट्रेन सेवायें उपलब्ध कराई जाएं। कानपुर सेंट्रल से अमृतसर को जाने वाली गाड़ी फर्रुखाबाद-कासगंज-बदायूँ के रास्ते चलाया जाए।

मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के प्रतिनिधि ने जनार्धन शर्मा ने सुझाव दिया कि मथुरा छावनी रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध रेलवे भूमि पर यात्री शेड का निर्माण तथा मथुरा-वृन्दावन रेल खंड का दोहरीकरण कराया जाय।

वहीं आंवला के सांसद धर्मेन्द्र कश्यप के प्रतिनिधि रवि यादव ने सुझाव दिया कि महेशपुरा समपार फाटक पर रोड ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए और मढ़ीनाथ समपार पर बनाये गये फुट ओवर ब्रिज से यातायात की समस्याओं का निदान नहीं होता अतः यहाँ एक अंडरपास का निर्माण कराया जाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने भी बदायूँ से बरेली होते हुए लखनऊ व दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग को दोहराया।

मुरादाबाद के सांसद डा. एस.टी. हसन के प्रतिनिधि  एम. हसन ने मांग की कि पीपलसाना रेलवे स्टेशन पर कोर्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस का ठहराव उपलब्ध कराते हुए यहाँ पर कम्प्यूटरीकृत आरक्षण काउन्टर खोला जाय तथा मुरादाबाद-काशीपुर रेल खंड पर बनाये गये अंडरपासों में समुचित पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।

कानपुर के सांसद सत्यदेव पचैरी के प्रतिनिधि निधीष पांडेय ने मांग की कि कानपुर क्षेत्र में प्रस्तावित एलिवेटेड रेल ट्रैक के निमित्त डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट शीघ्र तैयार कराई जाय ताकि एलिवेटेड रेल ट्रैक परियोजना को जल्द से जल्द अमल में लाया जा सके।

शाहजहाँपुर के सांसद अरुण कुमार सागर के प्रतिनिधि  मनमोहन सिंह ने कहा कि रेलवे की स्पर्धा अब हवाई सेवा से है अतः रेलवे को अपनी सेवाओं की गुणवत्ताओं में सुधार लाना चाहिए। शाहजहाँपुर में जो पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशन पर पर्यटन मार्गदर्शन बोर्ड को प्रदर्शित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शाहजहाँपुर से निगोही के लिए 5.30 बजे के बाद ट्रेन का संचालन किया जाए ताकि स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं एवं दैनिक श्रमिकों को घर वापसी में असुविधा न हो।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद, बरेली  संतोष गंगवार ने सुझाव दिया कि समपार संख्या 244 (हार्टमैन) एवं समपार संख्या 248 (शमशान भूमि) पर जाम से निजात दिलाने के लिए रेलवे प्रशासन को गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाना चाहिए। साथ ही भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के एक तरफ आवादी है और दूसरी तरफ सड़क है जिससे लोगों को रेलवे स्टेशन से ही गुजर कर सड़क पर आना पड़ता है।

इस मुद्दे पर भी रेलवे प्रशासन को गंभीरता से विचार विमर्श करते हुए न्यायोचित समाधान करना चाहिए।  गंगवार ने काठगोदाम-आगरा के लिए पूर्व की भांति कुमाऊँ एक्सप्रेस के संचालन के साथ-साथ दक्षिण भारत के लिए ट्रेनें चलाने हेतु पुरजोर मांग की। साथ ही लालकुआं एवं हल्द्वानी में 24 कोच के अनुरक्षण के निमित्त वाशिंग पिट के निर्माण का सुझाव दिया। बरेली सिटी रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम जोकि अनुपयोगी हो गया है, उसकी भूमि का सदुपयोग किया जाए।

इसके पूर्व महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे अशोक कुमार मिश्र ने आमंत्रित सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वाागत किया तथा उन्हें संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि उनके द्वारा बैठक में दिए गए सुझावों पर रेलवे प्रशासन अमल करेगा और उनकी मांगों एवं सुझावों के निमित्त सार्थक कदम उठायेगा ताकि रेल परिवहन सुविधा में गुणात्मक सुधार कर रेल उपयोगकत्र्ताओं की महत्वकांक्षाओं की पूर्ति की जा सके।

यह भी पढ़ें- बरेली: अब जामा मस्जिद में पर्चा चिपकाने वाले के दोस्तों की तलाश में जुटी पुलिस

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).