बरेली: नगर निगम में करोड़ों का झोल, भाजपा पार्षदों ने ही खोल दी पोल

बरेली,अमृत विचार। नगर निगम में विकास कार्यों में हो रही गड़बड़ी की पोल अब सपा नहीं भाजपा के ही पार्षद खोलने लगे हैं। सड़क और भवन निर्माण में करोड़ों का खेल किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। पार्षदों का गुस्सा शनिवार को नोडल अधिकरी नवनीत सहगल के सामने फूट पड़ा। कई कार्यों की शिकायत …

बरेली,अमृत विचार। नगर निगम में विकास कार्यों में हो रही गड़बड़ी की पोल अब सपा नहीं भाजपा के ही पार्षद खोलने लगे हैं। सड़क और भवन निर्माण में करोड़ों का खेल किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। पार्षदों का गुस्सा शनिवार को नोडल अधिकरी नवनीत सहगल के सामने फूट पड़ा। कई कार्यों की शिकायत पार्षदों ने की है।

इससे संकेत मिलने लगा है कि आने वाले समय में नगर निगम में एक बार फिर से खींचतान की स्थित पैदा होने वाली है। सत्ता पक्ष के पार्षदों के तेवर काफी कड़े दिख रहे हैं। यहां तक कि चहेते वार्डों में काम कराने का आरोप लगाते हुए शिकायतों का पुलिंदा मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव, कमिश्नर तक भेजा है।

भाजपा के पार्षद विपुल लाला ने इस बार विकास कार्यों में करोड़ों के गोलमाल को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की है। उन्होंने मेयर पर विकास कार्यों को लेकर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शिकायत की है कि कुछ मुद्दों पर विरोध करने के कारण बदले की भावना से मेरे वार्ड में विकास के कार्य नहीं किए जा रहे हैं। इसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी बताया है कि मेरी तरफ से जमीन कब्जा किए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था, इसलिए मेरे वार्ड में पक्षपात किया जा रहा है। नगर निगम मनमानी तरीके से अवैध कालोनियों में करोड़ों की सड़कें बनवा रहा है। शहर में लाइटें लगाई जा रही हैं उसमें में भी करोड़ों खेल हो रहा है। इसकी जांच होगी तो हकीकत सामने आ जाएगी।

भाजपा के ही पार्षद दीपक सक्सेना ने सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों का बजट खपाने का मामला उजागर किया है। आरोप है कि अवस्थापना निधि, 15वें वित्त से होने वाले कार्यों में बड़ा गोलमाल किया जा रहा है। अपने चहेतों को निविदा देकर कार्य कराया जा रहा है। नगर निगम में 15वें आयोग की बैठक में पारित प्रस्ताव में मुख्य अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना कातिब ने शिकायत किया है कि नियमों के विपरीत आयोग की बैठक में प्रस्ताव पास किए गए हैं। अवर अभियंता राजीव शर्मा को नियमों को ताक पर रख सहायक अभियंता और प्रकाश अधीक्षक का प्रभारी बनाया गया है। जिन गड़बड़ी करने के कई आरोप भी लग चुके हैं। इस दौरान पूर्व पार्षद शशि सक्सेना भी मौजूद रहीं।

“नगर निगम में नियमों की अनदेखी कर काम कराया जा रहा है। जब मेयर के निरीक्षण में ही निर्माण कार्यों में अनियमितता उजागर हो रही है तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा। मनमानी तरीके से अपने चहेतों को चार्ज दिया जा रहा है। जिन अभियंताओं पर घोटाला करने का आरोप है उनको कई विभागों का चार्ज दे दिया जा रहा है। नोडल अधिकारी से विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।” -सतीश चंद्र सक्सेना कातिब, भाजपा पार्षद

“नगर निगम सड़क और भवन निर्माण में करोड़ों का खेल किया जा रहा है। मुख्य अभियंता निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी कर रहे है। सड़क बनाने के नाम पर केवल करोड़ों का गोलमाल किया जा रहा है। जहां पर सड़क बननी चाहिए, वहां पर नहीं बनाई जा रही है। अगर जांच हो तो बड़ा घोटला सामने आ जाएगा।”-दीपक सक्सेना, भाजपा पार्षद

“मेरे वार्ड में विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके कारण गुलाबनगर वार्ड के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हमने गलत कार्यों का विरोध किया तो बदले की भावना के साथ मेरे वार्ड में काम नहीं हो रहा है। लाइटों के लगवाने के नाम पर नगर निगम ने करोड़ों का खेल कर दिया है। इसकी शिकायत सीएम से की है। ऐसे लोग भाजपा के विकास के नारे को झटका दे रहे हैं। हमारी मांग है कि जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।” -विपुल लाला, भाजपा पार्षद

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).