बरेली, अमृत विचार। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में एलायंस बिल्डर की गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई संपत्तियों की सोमवार को सील खुलवा दी गई। डीएम अविनाश सिंह की कोर्ट ने 24 अक्टूबर को निर्णय देते हुए बिल्डर अरविंदर सिंह और रमनदीप सिंह की संपत्तियों की कुर्की समाप्त करने का आदेश जारी किया था।
यह प्रकरण जनकपुरी निवासी अरविंदर सिंह (एलायंस बिल्डर) और मॉडल टाउन निवासी रमनदीप सिंह से जुड़ा हुआ है। इन सभी के विरुद्ध थाना इज्जतनगर में गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज हुआ था। मामले में पुलिस ने 3 फरवरी 2023 को चार्जशीट दाखिल की थी। 31 मार्च 2023 को विशेष न्यायाधीश, गैंगस्टर एक्ट कोर्ट ने कुर्की की प्रक्रिया शुरू कराई थी। 29 अप्रैल 2023 को जिलाधिकारी न्यायालय ने दोनों की संपत्तियों को कुर्क कर सील करने का आदेश दिया था। इस मामले को लेकर अरविंदर सिंह और रमनदीप सिंह ने हाईकोर्ट इलाहाबाद में एप्लीकेशन दाखिल की थी।
हाईकोर्ट ने 3 सितंबर 2025 को दोनों याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही को निरस्त करते हुए साफ कहा कि अब जब मुकदमा समाप्त हो चुका है तो संपत्तियों की कुर्की भी निरस्त की जाए। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। राहत नहीं मिलने पर अरविंदर सिंह ने दोबारा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में डीएम ने 24 अक्टूबर को सभी कुर्क संपत्तियों को तत्काल मुक्त करने का आदेश जारी किया था। वहीं, सोमवार सुबह राजस्व टीम और पुलिस ने जनकपुरी और मॉडल टाउन स्थित संपत्तियों पर पहुंचकर सील हटा दी। इस दौरान एलायंस बिल्डर परिवार के सदस्य मौजूद रहे।