बरेली: रोशन हुई रात, जमीं पर आया मरियम का बेटा

अमृत विचार, बरेली। जिलेभर में शुक्रवार को प्रभु यीशु का जन्मदिवस क्रिसमस के रूप में मनाया गया। गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं हुईं। धर्म गुरुओं ने शांति, प्रेम, सेवा और स्नेह का संदेश दिया। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते अपेक्षाकृत कम लोग गिरजाघरों में पहुंचे। अधिकांश लोगों ने घरों में पर्व मनाया और एक दूसरे को …

अमृत विचार, बरेली। जिलेभर में शुक्रवार को प्रभु यीशु का जन्मदिवस क्रिसमस के रूप में मनाया गया। गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं हुईं। धर्म गुरुओं ने शांति, प्रेम, सेवा और स्नेह का संदेश दिया। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते अपेक्षाकृत कम लोग गिरजाघरों में पहुंचे। अधिकांश लोगों ने घरों में पर्व मनाया और एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी।

बटलर प्लाजा के सामने स्थित मैथोडिस्ट चर्च में पादरी सुनील के मसीह ने प्रार्थना कराई इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने अंधेरे में डूबी इस दुनिया को अपने प्रकाश से रोशन किया है। इसके लिए हम हमेशा उनके शुक्रगुजार रहेंगे। लोगों को उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। इस दौरान केक काटकर खुशियां मनाई गईं।

वहीं, विशप कोनराड स्थित सेंन्ट अल्फोसेन्स चर्च में विशप इग्रीशयस डिसूजा ने प्रार्थना सभा में प्रभु यीशु मसीह गुणगान किया। कहा कि प्रभु यीशु का जीवन हमें त्याग और बलिदान की भी प्रेरणा देता है। लोगों ने एक दूसरे को केक खिलाकर शुभ दिन की बधाई दी और उपहार दिए। वहीं अक्षय बिहार के सामने फ्री विल बैप्टिस्ट चर्च- 10:30 से प्रार्थना से हुई और 1 बजे समाप्ति हो गई। कैंट स्थित वीरगंना चौक पर सेंट स्टीफेंस चर्च प्राचीन क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च और – मिशन कैंपस स्थित इंग्लिश मेथोडिस्ट में कम ही लोग नजर आए, कोरोना की वजह से कोई विशेष कार्यक्रम यहां नहीं रखे गए।

आलोक नगर इज्जत नगर स्थित इन्टरडिपेन्डेन्ट बैप्टिस्ट चर्च में विशेष आराधना बड़े हर्ष और उल्लास के साथ सम्पन्न की गई। आराधना का संचालन पास्टर विशाल सैमुअल ने किया। बाईबल पाठ सिस्टर अंशिका सैमुअल ने किया और क्रिसमस के मौके पर विशेष संदेश सीनियर पास्टर रैव्ह. डॉ. विलियम सैमुअल ने दिया।

सीनियर पास्टर ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु मसीह सम्पूर्ण मानव जाति को बचाने के लिए इस दुनिया में आये। जो प्रभु यीशु मसीह पर विश्वास करे वो अनन्त जीवन पाता है। देश व दुनिया की सुख शान्ति और देश को जल्दी ही कोरोना वायरस से छुटकारा मिलने के लिए विशेष प्रार्थना ब्रदर राजकुमार ने की तथा ब्रदर सारांश सैमुअल ने स्तुति कराई। सैंटा क्लॉज़ बने अमन सिंह ने बच्चों को उपहार बांटे। बच्चे सैंटा से उपहार पाकर बेहद खुश दिखाई दिये।

होटल, मॉल्स में रही भीड़

क्रिसमस का लोगों ने जमकर लाभ उठाया। शुक्रवार को शहर के अधिकांश होटल व रेस्टोरेंटों में लोगों की भीड़ रही। क्रिसमस पर युवाओं में अधिक उत्साह नजर आया। शाम को पीलीभीत बाईपास स्थित एक मॉल में लोगों की काफी भीड़ रही। क्रिसमस को देखते हुए मॉल को भी रंग-बिरंगी लाइटों और क्रिसमस ट्री आदि से सजाया गया था। चारों को क्रिसमस की खुशियां बिखरी हुई नजर आईं। हर कोई इन लम्हों को मोबाइल कैमरों में कैद करने को आतुर दिखा।

कोरोना के प्रति दिखे जागरूक

कोरोना की वजह से इस बार पिछले वर्षों की तरह गिरजाघरों और बाजार में अधिक भीड़ नहीं थी। लोगों ने घरों पर रहकर ही एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। फिर भी जो लोग गिरजाघरों और बाजारों में जा रहे थे उनमें से अधिकांश लोगों ने मास्क लगा रखा था। मॉल्स, गिरजाघरों और अधिकांश होटलों में बिना मास्क के प्रवेश ही नहीं दिया जा रहा था।

सोशल मीडिया पर लगा शुभकामनाओं का तांता

रात 12 बजते ही सोशल मीडिया पर भी क्रिसमस की धूम रही। लोग देर रात तक एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई देते नजर आए तो वहीं परिजनों के साथ मनाए जा रहे क्रिसमस पर्व की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल कीं।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).