बरेली, अमृत विचार। त्योहार से पहले चीनी की कीमतों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। चीनी मिलों में पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद फुटकर बाजार में चीनी 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। वहीं, मिलों में इसकी उपलब्धता 45 से 47 रुपये प्रति किलो के भाव पर बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मिलों से बाजार तक पहुंचने के बीच कीमतों में इतना अंतर क्यों है।
दो चीनी मिलों में 1.24 लाख क्विंटल से ज्यादा स्टॉक
बरेली की सेमीखेड़ा चीनी मिल में 57 हजार क्विंटल और फरीदपुर चीनी मिल में 67 हजार क्विंटल चीनी का स्टॉक बताया गया है। दोनों मिलों को मिलाकर कुल 1.24 लाख क्विंटल चीनी उपलब्ध है। मिलों में चीनी का भाव 4500 से 4700 रुपये प्रति क्विंटल यानी 45 से 47 रुपये प्रति किलो बताया गया है। इसके बावजूद फुटकर बाजार में कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है।
थोक और फुटकर कीमतों के बीच इतना अंतर क्यों
मिलों में चीनी 45 से 47 रुपये किलो के भाव पर उपलब्ध है, लेकिन फुटकर बाजार में इसकी कीमत 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। इसकी एक वजह मिलों से चीनी की खरीद और बाजार में उसकी बिक्री के बीच का अंतर भी है। कारोबारियों का कहना है कि मिलों से चीनी खरीदने के बाद थोक व्यापारी और फुटकर दुकानदार उसे आगे बेचते हैं। इस दौरान परिवहन, भंडारण और कारोबार का खर्च भी जुड़ता है। हालांकि, इन खर्चों के बावजूद कीमत 60 रुपये किलो तक कैसे पहुंच रही है, इसे समझने के लिए थोक और फुटकर बाजार के वास्तविक खरीद-बिक्री भाव पर गौर करना जरूरी है।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ चीनी की खपत भी बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतें ऊंची रहने पर हलवाइयों और मिठाई कारोबारियों की लागत प्रभावित हो सकती है। कारोबारियों को यह देखना होगा कि बढ़ी हुई लागत का प्रबंधन कैसे किया जाए, जबकि ग्राहकों पर भी महंगाई का असर पड़ने की आशंका है।
बारिश से गन्ने की कटाई प्रभावित, पेराई में देरी के आसार
जिले में इस बार पिछले साल के मुकाबले 15 दिन पहले पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बारिश ने कार्यक्रम प्रभावित कर दिया। खेतों में पानी भरा होने के कारण गन्ने की कटाई और छिलाई में परेशानी आ रही है। जिला गन्ना अधिकारी दिलीप सैनी के अनुसार, पिछले साल भी पेराई सत्र नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू हुआ था। इस बार करीब एक सप्ताह की देरी होने की संभावना है और मिलों के नवंबर के मध्य तक चालू होने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली में दो कारों के बीच जोरदार टक्कर, डिवाइडर से टकराकर पलटीं दोनों गाड़ियां