Bareilly News: बुजुर्ग की संदिग्ध मौत से सनसनी, पानी की टंकी के गेट पर मिला शव

भमोरा के डप्टा श्यामपुर गांव में घटना से सनसनी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पूछताछ के लिए एक संदिग्ध हिरासत में

बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के डप्टा श्यामपुर गांव में 58 वर्षीय बलराम दीक्षित का शव पानी की टंकी के गेट पर मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कराई और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।

बरेली। जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के डप्टा श्यामपुर गांव में सोमवार सुबह पानी की टंकी के गेट पर एक बुजुर्ग का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी बलराम दीक्षित (58) के रूप में हुई है। उनके शरीर पर खून लगा देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

भतीजे के साथ रहते थे बलराम दीक्षित

परिजनों के मुताबिक, बलराम दीक्षित अविवाहित थे और अपने भतीजे आशुतोष दीक्षित के साथ रहते थे। आशुतोष गांव में बनी पानी की टंकी पर ऑपरेटर के रूप में काम करता है। बलराम भी रात के समय पानी की टंकी पर ही सोते थे।

बताया गया कि रविवार देर शाम नौरंगपुर निवासी हरिओम पानी की टंकी पर पहुंचा और वहां रखी चारपाई पर लेट गया। इस पर बलराम दीक्षित ने आपत्ति जताई। उन्होंने पास में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत हरि गिरि से इसकी शिकायत भी की थी।

सुबह गेट पर पड़ा मिला लहूलुहान शव

सोमवार सुबह पानी की टंकी के गेट पर बलराम दीक्षित का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। वहां से गुजर रहे लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की स्थिति को देखते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ेंः टाइगर फायरिंग मामला : शाहजहांपुर पहुंचे मुंबई क्राइम ब्रांच के अफसर, हिरासत में तीन युवक, दो अन्य से पूछताछ जारी

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.