Shahjahanpur News: एक दिसंबर से जनगणना, शाहजहांपुर में प्रगणकों की ट्रेनिंग शुरू

एक दिसंबर से शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना का मौका

शाहजहांपुर में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रदेश में स्वगणना 16 से 30 नवंबर और गणना का कार्य एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रस्तावित है।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत शाहजहांपुर जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी और एडीएम अरविंद कुमार ने तहसील कलान, तहसील जलालाबाद, नगर पालिका परिषद परशुरामपुरी और नगर पंचायत कांट में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कराया जाए। प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि वास्तविक गणना के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आए।

उन्होंने जनगणना का कार्य निर्धारित समयावधि में शुद्धता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रगणकों और सुपरवाइजरों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना है, जिससे जनगणना के दौरान आंकड़ों का संकलन व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।

जिले में प्रशिक्षण के साथ ही लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण का कार्य एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रस्तावित है। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना होगी। इस दौरान लोग आधिकारिक पोर्टल pe.census.gov.in के माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें- करवा चौथ पर बादलों के बीच छिप सकता है चांद, बढ़ सकता है इंतजार

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।