Bareilly News: बेटी के जन्म के बाद मांगे दो लाख रुपये, तीन तलाक देकर घर से निकाला

पांच साल पहले किया था प्रेम विवाह, तीन महीने से मायके में रह रही पीड़िता; एसपी सिटी से शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज

बरेली के किला थाना क्षेत्र में विवाहिता ने पति और ससुरालवालों पर दो लाख रुपये दहेज मांगने और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने तीन तलाक देकर उसे चार साल की बेटी समेत घर से निकाल दिया। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

बरेली,अमृत विचार। बेटी के जन्म के बाद दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि ससुरालवाले उस पर मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर पति ने कथित तौर पर तीन तलाक देकर उसे चार साल की बेटी समेत घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर किला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज निवासी तबस्सुम ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले उसने किला मंडी निवासी आमिर से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों की एक बेटी हुई, जिसकी उम्र चार साल है। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और ससुरालवाले उस पर मायके से रुपये लाने का दबाव बनाने लगे थे। बेटी के जन्म के बाद उनकी मांग और बढ़ गई। उससे दो लाख रुपये लाने को कहा जाने लगा।

तबस्सुम के मुताबिक, उसने ससुरालवालों की इस मांग का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न किया जाने लगा। आरोप है कि पति और परिवार के अन्य सदस्य आए दिन उसे परेशान करते थे। तीन महीने पहले पति ने उसे तीन तलाक कहकर बेटी समेत घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही है।

पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी सिटी से की। अधिकारियों के निर्देश पर किला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें-जिला अस्पताल को मिले नए एडीएसआईसी, संजीव गुप्ता ने संभाली कमान

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।