ऑटोमोबाइल बाजार में एसयूवी का जलवा सबसे ज्यादा है। टाटा नेक्सॉन, महिंद्रा थार, एक्सयूवी, टोयोटा फॉर्च्यूनर, हुंडई क्रेटा और वेन्यू जैसे मॉडलों की मांग अधिक है। कई शोरूमों में सैकड़ों बुकिंग होने के बावजूद सभी ग्राहकों को धनतेरस पर डिलीवरी देना संभव नहीं हो पा रहा है। कुछ मॉडलों के लिए तीन से चार महीने तक की वेटिंग चल रही है। वहीं, पर्याप्त स्टॉक वाले शोरूमों में ग्राहकों को त्योहार पर ही गाड़ी सौंपने की तैयारी है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर भी ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। ई-कारों के साथ इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर की बुकिंग में तेजी आई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियां 60 से 70 हजार रुपये तक के ऑफर, एक्सचेंज बोनस और अन्य सुविधाएं दे रही हैं। बाइक बाजार में भी धनतेरस को लेकर अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
सैकड़ों कारों की बुकिंग, फिर भी करना होगा इंतजार
रामपुर रोड स्थित टाटा ग्रोवर मोटर्स के जीएम प्रदीप राठौर ने बताया कि दीपावली और धनतेरस के लिए 300 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हुई है। इनमें से करीब 200 ग्राहकों को ही त्योहार पर गाड़ी उपलब्ध करा पाएंगे। 100 से अधिक ग्राहकों को डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। पंच और नेक्सॉन की मांग सबसे अधिक है। ईवी-10 की मांग भी बढ़ी है। अलग-अलग मॉडलों पर 70 हजार रुपये तक के ऑफर दिए जा रहे हैं।
फॉर्च्यूनर-क्रिस्टा की बुकिंग वेटिंग में
पीलीभीत बाईपास स्थित ट्रस्ट टोयोटा के सेल्स जीएम भुवन वर्मा ने बताया कि 50 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हुई है। इनमें 10 फॉर्च्यूनर और इनोवा क्रिस्टा शामिल हैं। इन मॉडलों की मांग अधिक होने के कारण वेटिंग चल रही है। धनतेरस पर इनकी डिलीवरी संभव नहीं हो पाएगी। ग्राहकों को एक्सचेंज बोनस और छूट के ऑफर दिए जा रहे हैं।
थार और एक्सयूवी के लिए बढ़ा इंतजार
सौ फुटा रोड स्थित मूसा इंटरप्राइजेज लिमिटेड महिंद्रा के सेल्स जीएम अमित बाजपेयी ने बताया कि त्योहार के लिए 200 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हुई है। एक्सयूवी-7एक्सओ और थार की मांग अधिक होने के कारण इनकी वेटिंग चल रही है। इन मॉडलों की बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को धनतेरस पर डिलीवरी नहीं मिल पाएगी। बीई-6 और एक्सईवी-9ई इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
क्रेटा-वेन्यू की वेटिंग, एक्सटर की मांग बढ़ी
रामपुर गार्डन स्थित एकेसी हुंडई के सेल्स मैनेजर पंकज शंखधार ने बताया कि त्योहार से पहले 150 से अधिक कारों की बुकिंग हुई है। क्रेटा और वेन्यू का स्टॉक उपलब्ध नहीं होने से नए ग्राहकों को धनतेरस पर डिलीवरी देना मुश्किल है। इन मॉडलों की करीब चार महीने से वेटिंग चल रही है। वहीं, एक्सटर की मांग में तेजी आई है। त्योहार पर उन्हीं ग्राहकों को गाड़ी मिल पाएगी, जिन्होंने करीब तीन महीने पहले बुकिंग कराई थी।
इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर की 200 बुकिंग
सीबीगंज स्थित कान्हा मोटर्स के जीएम विजय कुमार चौहान ने बताया कि धनतेरस और दीपावली के लिए करीब 200 थ्री व्हीलर की बुकिंग हुई है। इनमें इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर की मांग अधिक है। पर्याप्त स्टॉक होने से ग्राहकों को डिलीवरी में परेशानी नहीं होगी। इलेक्ट्रिक फोर व्हीलर जीतो की मांग अपेक्षाकृत कम है। कंपनी की ओर से दीपावली तक वाहन खरीदने पर प्रत्येक ग्राहक को 24 इंच की एलईडी मुफ्त दी जा रही है।
ब्रेजा के लिए त्योहार के बाद मिलेगी डिलीवरी
जंक्शन रोड स्थित कोरल मोटर्स के सेल्स जीएम शैलेंद्र चेतल ने बताया कि धनतेरस और दीपावली के लिए करीब 150 गाड़ियों की बुकिंग हुई है। अधिकांश मॉडलों का स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए ग्राहकों को त्योहार पर ही डिलीवरी देने की तैयारी है। हालांकि, ब्रेजा की मांग अधिक होने से इसकी वेटिंग चल रही है। इस मॉडल की बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को त्योहार के बाद तक इंतजार करना पड़ सकता है।