बरेली: समाजवादी पार्टी ने विनीता गंगवार को बनाया जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी

बरेली,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए विनीता गंगवार को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वह नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत वार्ड नंबर दो से सदस्य हैं और पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार के करीबी सपा नेता अरविंद गंगवार की पत्नी हैं। ऐसे में माना जा रहा है पूर्व मंत्री …

बरेली,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए विनीता गंगवार को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वह नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत वार्ड नंबर दो से सदस्य हैं और पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार के करीबी सपा नेता अरविंद गंगवार की पत्नी हैं। ऐसे में माना जा रहा है पूर्व मंत्री की पैरवी पर विनीता गंगवार को प्रत्याशी बनाते हुए सपा हाईकमान ने उन्हें जिताने की जिम्मेदारी सौंपी है।

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को लेकर समाजवादी पार्टी में पिछले कई दिनों से हलचल चल रही थी। नवाबगंज से पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार के भाई की पत्नी, वहीं की दो अन्य महिलाएं, पूर्व विधायक महिपाल सिंह की पत्नी समेत आधा दर्जन सदस्यों के नाम सामने आ रहे थे। शनिवार को इस पर विराम लगा तो सपा के दूसरे खेमे में हलचल तेज हो गई है। दूसरी तरफ, सपा के अलावा अभी किसी और दल ने अपना प्रत्याशी नहीं घोषित किया है।

जिले में जिला पंचायत की 60 सीटें हैं। चुनाव जीतने के लिए पार्टी को 31 सदस्य चाहिए। पार्टी 26 सदस्य होने का दावा कर रही है। अब बचे हुए छह सदस्यों को अपने पाले में करने की मुहिम शुरू हो गई है। सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य का कहना है विनीता गंगवार जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगी। निर्दलीय तथा अन्य लोग भी उनके साथ हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का निर्देश हुआ है, उसमें सभी पार्टी के बड़े नेता तथा कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। पार्टी में किसी प्रकार का कोई मनमुटाव नहीं है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित होने पर विनीता गंगवार ने भाजपा पर प्रहार करते हुए विस चुनाव में भी सपा की सीटें भाजपा से अधिक निकलने का दावा किया। किंग मेकर की भूमिका निभा रहे पूर्व मंत्री भगवत सरन ने भी जिपं अध्यक्ष प्रत्याशी को जिताने की जिम्मेदारी मिलने पर निर्दलीयों का समर्थन मिलने की बात कही।

सभी हुए खामोश तो भगवत पर टिकी थी निगाहें
जिला पंचायत प्रत्याशी को लेकर पिछले कई दिनों सपा में घमासान चल रहा था। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नीरु पटेल ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव की पत्नी सरोज यादव को लेकर भी कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अंत तक पूर्व विधायक खामोश रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के छोटे भाई की पत्नी शिल्पी यादव का भी नाम सामने आया लेकिन भाई के निधन के बाद वह भी पीछे हट गए। इधर, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार के खेमे से शुरू से ही खबर रही कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र नवाबगंज के अरविंद डब्लू की पत्नी विनीता गंगवार को लड़ा सकते हैं। मगर, पार्टी में विरोधाभास जैसी स्थिति रहने की वजह से भगवत सरन गंगवार चुप्पी साधे रहे। बाद में सपा ने हाईकमान से जिम्मेदारी मिली तो अपना प्रत्याशी मैदान में उतार दिया।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).