Bareilly News : मॉर्निंग वॉक पर निकले पेट्रोल पंप कारोबारी की दर्दनाक मौत; कूड़ा उठाने वाले वाहन ने मारी टक्कर

कारोबारी की मौत के बाद मोर्चरी पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार

बरेली के कैंट क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रहे पेट्रोल पंप कारोबारी विनय गुप्ता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत। पुलिस कर रही मामले की जांच।

बरेली, अमृत विचार। जनपद के कैंट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पेट्रोल पंप कारोबारी की मौत हो गई। रामपुर गार्डन निवासी 55 वर्षीय विनय गुप्ता सुबह के समय घर से टहलने (मॉर्निंग वॉक) के लिए निकले थे, तभी कैंट क्षेत्र में कूड़ा उठा रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलने पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार समेत शहर के कई जनप्रतिनिधियों ने मोर्चरी पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और घटना की जानकारी ली।

तेज रफ्तार वाहन के अचानक मुड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विनय गुप्ता का फतेहगंज पश्चिमी में पेट्रोल पंप है। वह रोजाना सुबह रामपुर गार्डन स्थित अपने घर से कैंट क्षेत्र में टहलने के लिए आते थे। मंगलवार सुबह जब वह बीआई बाजार से आगे बिशप कोनराड स्कूल वाली सड़क पर टहल रहे थे, तभी वहां सड़क किनारे कूड़ा उठा रहे एक वाहन के चालक ने गाड़ी को तेजी से दूसरी तरफ मोड़ा। अचानक हुए इस घुमाव की चपेट में आकर विनय गुप्ता बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वहां टहल रहे डीएसओ कार्यालय के सेवानिवृत्त अधिकारी अशोक ठाकुर ने तुरंत उन्हें अपनी कार में रखा और रामपुर गार्डन स्थित जीके श्रीवास्तव अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल और कागजातों से हुई शिनाख्त, परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद पुलिस ने मृतक की जेब में मिले मोबाइल और जरूरी कागजातों की मदद से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। विनय गुप्ता के परिवार में पत्नी बरखा और दो बेटियां हैं (दोनों बेटियां शहर से बाहर रहती हैं)। उनके भाई का रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सामने पेट्रोल पंप है। कारोबारी की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

राज्यपाल ने निकलवाए CCTV फुटेज, विधायक भी पहुंचे
कारोबारी की मौत की सूचना मिलते ही झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और कैंट क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर हादसे की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। उनके अलावा कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें - Shahjahanpur Murder News: शराब को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी की गला दबाकर हत्या; बेटी ICU में एडमिट

About The Author: Pradeep Kumar