Bareilly News: जौनसारी और भोटिया जनजातियों के भूमि अधिकारों पर शोध करेंगी डॉ. कल्पना

आईसीएसएसआर की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए चयन, पहले वर्ष में मिलेंगे 3.97 लाख रुपये

बरेली कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. कल्पना को आईसीएसएसआर की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप मिली है। वह उत्तराखंड की जौनसारी और भोटिया जनजातियों के भूमि अधिकार, प्रवासन और नागरिकता कानूनों पर शोध करेंगी।

बरेली, अमृत विचार। उत्तराखंड की जनजातियों के भूमि अधिकार और नागरिकता से जुड़े सवालों को अब शोध के जरिए समझने की कोशिश होगी। बरेली कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. कल्पना को इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च (आईसीएसएसआर) की प्रतिष्ठित पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए चयनित किया गया है। वह अपने शोध में विशेष रूप से जौनसारी और भोटिया जनजातियों की सामाजिक एवं कानूनी स्थिति का अध्ययन करेंगी।
 

डॉ. कल्पना यह शोध राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर और महाविद्यालय की उपप्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा के निर्देशन में पूरा करेंगी। शोध का मुख्य विषय उत्तराखंड में जनजातीय भूमि अधिकार, प्रवासन और नागरिकता कानून होंगे। इसके तहत जौनसारी और भोटिया जनजातियों के विशेष संदर्भ में इन मुद्दों का अध्ययन किया जाएगा।

आईसीएसएसआर की ओर से पहले वर्ष के लिए 3 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें 31 हजार रुपये प्रतिमाह फेलोशिप और 25 हजार रुपये वार्षिक आकस्मिक अनुदान शामिल है। फेलोशिप के दौरान डॉ. कल्पना को कम से कम दो शोधपत्र पीयर-रिव्यूड शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित करने होंगे। इसके अलावा शोध अवधि पूरी होने के तीन महीने के भीतर विस्तृत अंतिम शोध रिपोर्ट आईसीएसएसआर को सौंपनी होगी।

उपप्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि डॉ. कल्पना को प्रतिष्ठित फेलोशिप मिलने से विभाग में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए भी गौरव की बात है।

ये भी पढ़ें-

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।