Bareilly News: रुहेलखंड विश्वविद्यालय की लैब हुई हाईटेक, पांच करोड़ के उपकरणों से शोध को मिलेगी नई उड़ान

विदेशों से मंगाए गए आधुनिक उपकरणों की दूसरी खेप पहुंची, पौधों से लेकर मिट्टी और पानी तक की गुणवत्ता का हो सकेगा सूक्ष्म विश्लेषण

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग की यूनिवर्सिटी सोफिस्टिकेटेड इंस्ट्रूमेंटेशन लेबोरेटरी (यूसिल) को पांच करोड़ रुपये के आधुनिक उपकरण मिले हैं। आईआईटी रोपड़ के साथ संयुक्त प्रोजेक्ट के तहत स्थापित इस लैब से कृषि, पादप विज्ञान और पर्यावरण से जुड़े शोध को बढ़ावा मिलेगा।

बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अब शोधार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक जांच के लिए दूसरे संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पादप विज्ञान विभाग की यूनिवर्सिटी सोफिस्टिकेटेड इंस्ट्रूमेंटेशन लेबोरेटरी (यूसिल) में पांच करोड़ रुपये के अत्याधुनिक उपकरणों की दूसरी खेप पहुंच गई है। इनमें कई उपकरण विदेशों से मंगाए गए हैं। इनकी मदद से पौधों, मिट्टी, पानी, बीज और कृषि उत्पादों का बेहद सूक्ष्म स्तर पर विश्लेषण किया जा सकेगा।
 

दरअसल, भारत सरकार की ओर से रुहेलखंड विश्वविद्यालय और आईआईटी रोपड़ को संयुक्त रूप से पेयर प्रोजेक्ट आवंटित किया गया है। इसी के तहत विश्वविद्यालय में यूसिल लैब स्थापित की गई है। दूसरी खेप में मिले उपकरणों से लैब की शोध क्षमता में और इजाफा होगा।

नई खेप में करीब दो करोड़ रुपये कीमत का इंडक्टिवली कपल्ड प्लाज्मा-मास स्पेक्ट्रोमेट्री (आईसीपी-एमएस) उपकरण शामिल है। इसकी मदद से किसी नमूने में मौजूद अलग-अलग तत्वों और धातुओं की बेहद कम मात्रा का भी पता लगाया जा सकता है। इससे पौधों, मिट्टी, पानी और उर्वरकों में पोषक तत्वों के साथ भारी धातुओं का विश्लेषण करना आसान होगा।

इसके अलावा करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का एनआईआर स्पेक्ट्रोस्कोपी उपकरण भी मिला है। इससे पौधों, बीजों, अनाज, मिट्टी और कृषि उत्पादों की रासायनिक एवं भौतिक संरचना का अध्ययन किया जा सकेगा। लैब को गैस क्रोमैटोग्राफी-टैंडम मास स्पेक्ट्रोमेट्री, माइनस 86 डिग्री के दो डीप फ्रीजर, अल्ट्रा सेंट्रीफ्यूज और अल्ट्रा वॉटर प्यूरीफिकेशन सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरण भी मिले हैं।

इन उपकरणों के शुरू होने से शोधार्थियों को नमूनों की जांच और विश्लेषण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। खासकर कृषि, पर्यावरण, पौधों की गुणवत्ता और मिट्टी में मौजूद तत्वों से जुड़े शोध को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

दूसरे कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी मिलेगी लैब की सुविधा

कृषि एवं प्रौद्योगिकी संकाय के डीन और पादप विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. उपेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि पूरा प्रोजेक्ट करीब 10.50 करोड़ रुपये का है। यूसिल लैब केवल रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शोधार्थियों तक सीमित नहीं रहेगी। दूसरे कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी इसका लाभ उठा सकेंगे।

विभागीय स्तर पर इतनी आधुनिक लैब स्थापित करना सभी संस्थानों के लिए संभव नहीं है। ऐसे में यह सुविधा पूरे क्षेत्र के शोधार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी। आईआईटी रोपड़ और रुहेलखंड विश्वविद्यालय भी इस प्रोजेक्ट के तहत मिलकर बड़े शोध कार्य कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें- जेल की सलाखों के बीच छलका बहनों का प्यार, भाइयों को तिलक कर मांगी लंबी उम्र 

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।