मौसम: बरेली में कोहरे के बाद भी नहीं खुला आसमान, दिनभर छाई रही धुंध, सड़कों पर रेंगते रहे वाहन

सुबह से आसमान में छाई रही धुंध, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर दृश्यता घटी; वाहन चालकों को आवागमन में हुई परेशानी

बरेली में आज सुबह घने कोहरे के बाद दिन भर आसमान में धुंध छाई रही। विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर यातायात की रफ्तार थमी रही। जानें बरेली का आज का तापमान, AQI और मौसम विभाग का ताजा अपडेट।

बरेली, अमृत विचार। मौसम ने सोमवार को अचानक करवट ली। सुबह शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ कोहरे का असर कुछ कम हुआ, लेकिन आसमान साफ नहीं हुआ। पूरे दिन धुंध की परत छाई रहने से धूप भी बेअसर नजर आई। इसका असर शहर के यातायात पर भी पड़ा। प्रमुख सड़कों से लेकर हाईवे तक वाहन धीमी गति से चलते दिखाई दिए।
 

सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि सड़कों, चौराहों और फ्लाईओवर पर कुछ दूरी तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। दिल्ली-लखनऊ हाईवे और नैनीताल रोड पर वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने की जानकारी सामने आई। इसके चलते सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिनभर छाई रही धुंध, धूप भी रही बेअसर

दोपहर होने के बाद कोहरे का असर तो कम हुआ, लेकिन आसमान में धुंधली परत बनी रही। धूल और धुएं के कारण वातावरण में धुंधलापन दिखाई दिया। सूरज निकलने के बावजूद उसकी तपिश महसूस नहीं हुई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 122-123 के आसपास दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हवा में धुंध और प्रदूषण के बीच सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

तापमान में गिरावट से बढ़ने लगी ठंड

पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। सोमवार को बरेली का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- कोहरे ने रोकी दर्शन की राह, बहेड़ी हाईवे पर ट्रक से भिड़ी कार; परिवार के सात घायल

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।