देवरिया: एसओजी की बोलेरो चोरी में अधिवक्ता विपिन तिवारी सहित चार गिरफ्तार

देवरिया।  पुलिस ने एसओजी के वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के हत्थे चढे अभियुक्तों में कसया के अधिवक्ता व निवर्तमान ग्राम प्रधान विपिन तिवारी व पुलिस का मुखबिर अंजनी भी शामिल है। इन वाहन चोरों ने बीते दिनों सदर कोतवाली परिसर में खड़ी एसओजी की बोलेरो …

देवरिया।  पुलिस ने एसओजी के वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के हत्थे चढे अभियुक्तों में कसया के अधिवक्ता व निवर्तमान ग्राम प्रधान विपिन तिवारी व पुलिस का मुखबिर अंजनी भी शामिल है। इन वाहन चोरों ने बीते दिनों सदर कोतवाली परिसर में खड़ी एसओजी की बोलेरो चोरी कर पूरे पुलिस महकमे को चुनौती दी थी। हालांकि पुलिस ने घटना के तीसरे दिन ही बोलेरो बरामद कर लिया था और इन चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। वाहन चोरों के पास से पुलिस ने एक स्कार्पियो, लाइसेंसी असलहा और एक किलो चरस बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक डाॅ. श्रीपति मिश्रा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 28 मार्च को कोतवाली परिसर से एसओजी की बोलेरो चोरी में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कप्तान के मुताबिक नशे की हालत में बदमाश बोलेरो चुरा ले गए थे। सुबह नशा टूटा तो इनको लगा कि पुलिस की गाड़ी लेकर चले आए हैं और कुशीनगर जनपद के पटहेरवा थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में वाहन को छोड़कर फरार हो गये थे। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात एसओजी ने कसया रोड के पास से एक स्कार्पियों में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी में पुलिस के मुखबिर भी शामिल
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान निवर्तमान ग्राम प्रधान व अधिवक्ता विपिन तिवारी पुत्र बाबुनंदन तिवारी निवासी सोहसा पट्टी गौसी, थाना कसया जनपद कुशीननगर, राकेश कुशवाहा निवासी अनिरूद्धवा थाना कसया, अंजनी सिंह उर्फ टिंकू निवासी खेमादेई थाना लार और शंभु पांडेय निवासी लोहटी थाना कटया बिहार के रूप में हुई। इनमें दो आरोपी पुलिस के लिए मुखबिरी का कार्य करते थे। एसपी ने बताया कि इस मामले में अभी अन्य बदमाश फरार हैं।

लाइसेंसी पिस्टल, तमंचा, एक किलो चरस बरामद
पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल, तमंचा, एक किलो चरस बरामद किया है। पुलिस ने चारों वाहन चोरो के खिलाफ अपराध संख्या 183/2021 धारा-379 आईपीसी अन्य धाराओं मे कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। पुलिस विभाग द्वारा दी जानकारी के मुताबिक अंजनी पर तीन और शंभु पर पांच आपराधिक मुकदमे पहले भी दर्ज हैं।

खाकी से विपिन का है पुराना रिश्ता
वाहन चोरी मे पकडे गये अधिवक्ता विपिन तिवारी अपने गांव का प्रधान भी रह चुका है। बताया जाता है कि वकालत के दौरान उसने पुलिस से गहरे संबंध बना लिया। विपिन पर एसओजी को काफी विश्वास था। ऐसी चर्चा है कि विपिन पुलिस से तालमेल बनाकर आरोपितों का मुकदमा भी लड़ता था।

बताया जाता है कि घटना के दिन विपिन तिवारी अपने चालक राकेश कुशवाहा के साथ शहर में आया था। महकमे में गहरी पैठ रखने वाले इस शातिर के कुशीनगर और देवरिया के कई थानेदारों से अच्छे रिश्ते हैं। मोबाइल पर हुई बात और व्हाट्सएप चैटिंग से इसका खुलासा हुआ है।

पुलिस और बदमाशों की गठजोड़ का हुआ खुलासा
सूत्रों की मानें तो कुशीनगर में तैनात रहे एक दरोगा जो इस समय देवरिया के एक पुलिस चौकी के प्रभारी है। उनसे विपिन से गहरे रिश्ते हैं। घटना के दिन विपिन शराब लेने शहर में आया था और चौकी प्रभारी ने एक पेटी शराब दी थी। सूत्रों का कहना है कि बदमाश नशे की हालत में बोलेरो लेकर बिहार के शातिर बदमाश दिनेश के पास पहुंचे। जहां पर बोलेरो का पहिया खोल कर वाहन को काटने की योजना थी। परन्तु जब इन बदमाशों को पता चला कि एसओजी पीछे है तो कुशीनगर एसओजी से एक बदमाश ने संपर्क साध कर वाहन को लावारिस हाल में बरामद करा दिया।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).