इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार : श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र कटरा के वीरपुर गांव के पास शनिवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक ही बाइक से तीनों युवक वीरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से टकरा गई।
नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के ग्राम बैदौरा मसरिक निवासी शत्रुघन (22) पुत्र अक्ष्यवार व राहुल (16) पुत्र श्याम सुंदर तथा दौलतपुर निवासी दिलीप (18) पुत्र शिवकुमार शनिवार को एक ही बाइक से वीरपुर की ओर जा रहे थे। वीरपुर गांव के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा। इससे बाइक मार्ग किनारे खड़ी ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये।
आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को निजी वाहन से सीएचसी इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शत्रुघन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिलीप कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया, जबकि राहुल का सीएचसी में उपचार जारी है। हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।