बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे समेत तीन युवकों की मौत हो गई। रामगांव थाना क्षेत्र के बहराइच-नानपारा मार्ग पर चौपाल सागर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया।
चेन्नई से छुट्टी पर घर आया था रामू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिसिया थाना क्षेत्र के रिसिया जमाल गांव निवासी 25 वर्षीय रामू चेन्नई में मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी पर घर आया था। सोमवार दोपहर वह अपने 22 वर्षीय भांजे मुकेश और गांव के ही रामकिशोर के साथ बाइक से रोडवेज बस स्टैंड की ओर जा रहा था। बाइक मुकेश चला रहा था।
चौपाल सागर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक चौपाल सागर के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में तीनों को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही रामगांव थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- UP में फिर प्रशासनिक फेरबदल : वाराणसी-कानपुर के बदले कमिश्नर, गोंडा-श्रावस्ती को मिले नए डीएम, 16 IAS अफसरों का तबादला