Maharajganj News : इश्क के लिए हाईवोल्टेज ड्रामा! परिजन नहीं माने तो टावर पर चढ़ गई युवती, प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी

महराजगंज के बैठवलिया गांव की घटना, दूसरी जाति के युवक से प्रेम संबंध का परिजन कर रहे थे विरोध; पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा

महराजगंज के बैठवलिया गांव में प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। परिजन दूसरी जाति के युवक से उसके रिश्ते का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया।

महराजगंज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। परिजनों के विरोध से नाराज युवती ने मांग पूरी नहीं होने पर टावर से कूदने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

दूसरी जाति के युवक से प्रेम संबंध का परिजन कर रहे थे विरोध

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया गांव की है। करीब 18 वर्षीय युवती का शीशगढ़ गांव के एक युवक से प्रेम संबंध है। वह युवक से शादी करना चाहती है, लेकिन युवक के दूसरी जाति का होने के कारण उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर युवती नाराज थी।

सुबह पांच बजे घर से निकली, टावर पर चढ़कर दी धमकी

बताया गया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे युवती शौच जाने की बात कहकर घर से निकली और गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचकर उसने प्रेमी से शादी की मांग पूरी नहीं होने पर नीचे कूदने की धमकी दी। युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

पुलिस ने मशक्कत के बाद युवती को उतारा

सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने परिजनों के साथ मिलकर युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और मशक्कत के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। निचलौल थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें;-हरदोई खाकी महकमे में बड़ा फेरबदल: विधान सभा चुनाव से पहले 57 एसआई समेत 9 चौकी प्रभारी रातों-रात बदले, देखें सूची

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।