Health Anxiety Disorder: हर वक्त बीमारी का डर, बार-बार गूगल पर लक्षणों की तलाश... कहीं आप भी तो हेल्थ एंग्जायटी के शिकार नहीं?

छोटी-सी गांठ, दर्द या झुनझुनी को गंभीर बीमारी समझने लगते हैं कुछ लोग, बार-बार मेडिकल जांच और आश्वासन भी नहीं देते राहत; जानिए क्या है हाइपोकॉन्ड्रिया, इसके लक्षण, कारण और बचाव के उपाय

हर समय गंभीर बीमारी का डर, बार-बार मेडिकल टेस्ट और गूगल पर लक्षणों की तलाश हेल्थ एंग्जायटी डिसऑर्डर के संकेत हो सकते हैं। जानिए हाइपोकॉन्ड्रिया के लक्षण, कारण, जोखिम और बचाव के उपाय।

यदि आप अपनी सेहत को लेकर सदैव चिंतित रहतें हैं, अपने शरीर में गांठ, झुनझुनी या दर्द जैसे बीमारी के लक्षणों की नियमित रूप से जांच करतें हैं, हमेशा लोगों से यह आश्वासन चाहते हैं कि आप बीमार नहीं हैं, सदैव सोचते रहतें हैं कि मेडिकल टेस्ट में कुछ छूट तो नहीं गया या इंटरनेट पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को हद से ज्यादा खोजते हैं तो आप बीमारी संबंधी चिंता विकार से ग्रस्त हो सकते हैं।

इलनेस एंग्जायटी डिसऑर्डर/हेल्थ एंग्जायटी डिसऑर्डर को बीमारी संबंधी चिंता विकार या हाइपोकॉन्ड्रिया भी कहते हैं। यह एक ऐसी मानसिक स्थिति है, जिसमें व्यक्ति को लगातार डर रहता है कि उसे कोई गंभीर/ जानलेवा बीमारी (कैंसर या दिल का दौरा) होने वाली है। सामान्य शारीरिक बदलावों या लक्षणों को भी व्यक्ति बहुत बड़ी बीमारी समझता है। बीमारी संबंधी चिंता विकार (हाइपोकॉन्ड्रिया) अत्यंत दुर्लभ है। यह लगभग 0.1 प्रतिशत लोगों को प्रभावित करता है। बीमारी संबंधी चिंता विकार युवावस्था के शुरुआती या मध्य में शुरू होता है और उम्र के साथ बढ़ता है। वृद्धजनों में स्वास्थ्य संबंधी चिंता उनकी याददाश्त खोने का डर होता है।

जोखिम कारक

n जीवन में अत्यधिक तनाव का होना

n   किसी गंभीर बीमारी का खतरा जो अंततः गंभीर न निकले

n बचपन में दुर्व्यवहार/ मानसिक आघात

n बचपन में गंभीर बीमारी होना

n माता-पिता को गंभीर बीमारी होना

n अत्यधिक चिंता करने की प्रवृत्ति

n  स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए इंटरनेट का अत्यधिक उपयोग करना।

क्या हैं जटिलता‍एं

n  अत्यधिक चिंता करने से दूसरों को निराशा होती है, जिससे रिश्तों में या पारिवार में समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

n  कार्य निष्पादन में गिरावट

n  कार्य स्थल पर अत्यधिक अनुपस्थिति

n दैनिक जीवन के कामकाज में समस्याएं

n  स्वास्थ्य देखभाल हेतु यात्रा और चिकित्सा व्ययों के

कारण वित्तीय समस्याएं

n अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित होना, जैसे- दैहिक लक्षण विकार, उच्च तनाव, अवसाद, व्यक्तित्व विकार व अन्य

बचाव के उपाय

n इंटरनेट पर सर्च न करें :- लक्षणों के बारे में बार-बार गूगल पर पढ़ना तुरंत बंद करें, इससे डर और बढ़ता है। चिकित्सक से सलाह लें तथा उस पर विश्वास रखें।

n ध्यान और योग करें :- मन को शांत रखने के लिए लंबी गहरी सांस लेने के अभ्यास और ध्यान की मदद लें।

बीमारी संबंधित कार्यक्रम से बचें

गंभीर बीमारी से संबंधित किसी भी कार्यक्रम देखने व सुनने से बचें। इससे बीमारी सम्बंधित दुश्चिंता विकार के लक्षण के बढ़ने और गंभीर होने का जोखिम बढ़ जाता है।

सामान्य गतिविधियों से जुड़े

n बीमारी संबंधी चिंताओं के कारण जिन क्रियाकलापों से आप बचते आ रहें हों, जैसे- खेलकूद या सामाजिक गतिविधियों को धीरे-धीरे शुरू करें।

n ध्यान भटकाएं :- जब भी बीमारी का विचार आए, खुद को अपने किसी मन पसंद के काम या बातचीत में व्यस्त करें। जब आपको अपने शरीर की जांच करने की तीव्र इच्छा हो, तो टहलने जाएं या दोस्तों से बातें करें।

खुद को शांत रखें 

n यदि स्वास्थ्य की चिंता अधिक सताए, तो शांत मन से इस बारे में सोचिए कि जो बीमारी है ही नहीं उससे क्यों डरना है और अपने जीवन के अच्छे दिनों को याद करें। अपने को पसंदीदा काम में व्यस्त रखिए।

n मनोवैज्ञानिक परामर्श लें:- यदि स्थिति रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित करे, तो अच्छे मनोचिकित्सक से परामर्श लें। मनोचिकित्सक कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी व अन्य व्यवहारिक चिकित्सा से सहयोग देतें हैं।

बीमारी संबंधी चिंता विकार के दो प्रकार हैं

n ईलाज की अत्यधिक आवश्यकता:-  ये स्वास्थ्य सेवा केंद्र में काफी समय बिताते हैं और कई विशेषज्ञों से सलाह लेते हैं। बार-बार चिकित्सीय जांच का अनुरोध करते हैं।

n ईलाज से बचने की प्रवृत्ति ये स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और चिकित्सा देखभाल से बचने की कोशिश करते हैं। इन्हें चिकित्सक पर भरोसा नहीं होता है। इन्हें लगता है कि चिकित्सक लक्षणों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे इनमें और अधिक चिंता उत्पन्न होती है।

क्या हैं इसके लक्षण

n बार-बार स्वास्थ्य की जांच करना:- पीड़ित बार-बार अपना ब्लड प्रेशर, शुगर, नब्ज नापना या शरीर पर किसी तिल/निशान को बार-बार देखकर चिंतित होना।

n गूगल पर बीमारी खोजना:- छोटे लक्षणों के लिए इंटरनेट पर गंभीर बीमारी ढूंढना।

n बार-बार चिकित्सक से मिलना:- लगातार और बार-बार मेडिकल जांच करवाना और चिकित्सक के यह कहने पर भी संतुष्ट न होना कि आप बिल्कुल स्वस्थ हैं।

n घबराहट:- बीमारी के बारे में अधिक सोचने से उत्पन्न अत्यधिक तनाव के कारण दिल की धड़कन तेज होना, पसीना आना, बैचेनी या चक्कर आना।

n लगातार डर:- बीमारी होने के विचार से दिनभर परेशान और भयभीत रहना व रुचिकर कामों में भी मन न लगना।

क्या है कारण

n बचपन का मानसिक आघात:- बचपन में किसी गंभीर बीमारी का सामना करना या परिवार में किसी की गंभीर बीमारी और मौत देखना। इस विकार एक प्रमुख कारण है।

n अत्यधिक तनाव:- जीवन में उच्च स्तर और लंबे समय तक रहने वाला मानसिक तनाव, नौकरी या कार्य का दबाव या व्यक्तिगत समस्याएं।

n    इंटरनेट:- लक्षणों को बार-बार ऑनलाइन गूगल पर सर्च करना (जिसे साइबरकॉन्ड्रिया कहा जाता है) तथा गलत जानकारी होने से सदैव डरे रहना।

n पारिवारिक इतिहास:- माता-पिता, परिवार के अन्य सदस्यों या निकट रिश्तेदार में का बहुत ज्यादा चिंतित रहने का स्वभाव होना।

n मस्तिष्क के रसायन:- मस्तिष्क में कुछ रसायनों (न्यूरोट्रांसमीटर) का असंतुलन होना जो डर व चिंता को नियंत्रित करते हैं।

n बीमारी का पिछला अनुभव:- अतीत में किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होना या गलत मेडिकल टेस्ट जिसका असर मन पर गहरा असर डाला हो।

चिकित्सक से सलाह लें

एंटीडिप्रेसेंट व चिंता-विरोधी दवाएं चिंता को तुरंत कम करने के लिए दी जाती हैं। दवाएं चिकित्सक के सलाह अनुसार ही लें अपने से डोज में परिवर्तन न करें। अपने स्वास्थ्य की देखभाल की चिंता करना एक सामान्य प्रवृत्ति है, किंतु जब यह प्रवृत्ति दिनचर्या के कार्यों को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने लगे, तो उपरोक्त उपायों को अपनाकर इससे मुक्त रह सकते हैं। बताए गए उपायों को अपनाने के बाद भी यदि बीमारी संबंधी दुश्चिंता कम नहीं होती है, तो मनोवैज्ञानिक परामर्श लेना चाहिए। आवश्यक होने पर मानसिक रोग विशेषज्ञ से मिलकर उपचार कराना चाहिए।

  • डॉ. मनोज कुमार तिवारी , बीएचयू, वाराणसी
  • साभार लोक दर्पण

यह भी पढ़ेंः India Space Mission Debris Removal: अंतरिक्ष में भी चलाएगा भारत का स्वच्छता अभियान, 2030 तक कचरा मुक्त स्पेस बनाने का लक्ष्य

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.