लखनऊ,अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित तिलसहरी गांव में सोमवार शाम मामूली बात पर हुई कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। यूपीआई से 100 रुपये भेजने और उसके बदले नकदी मांगने को लेकर उपजे विवाद में दबंगों ने परचून की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी और मारपीट की घटना में दुकानदार के माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा के मद्देनजर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यूपीआई के 100 रुपये और पुरानी रंजिश बना विवाद की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलसहरी गांव निवासी साजन कुशवाहा के घर के बाहर उनके बेटे रितेश कुशवाहा द्वारा परचून की दुकान चलाई जाती है। सोमवार शाम को पड़ोसी गांव कनवापुर निवासी नितिन का साला दुकान पर पहुँचा और उसने यूपीआई के जरिए 100 रुपये ट्रांसफर कर रितेश से नकद रुपये मांगे। रितेश द्वारा नकदी देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिससे रंजिश चल रही थी। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराकर मामला शांत करा दिया था, जिसके बाद वह गाली-गलौज करते हुए मेले की तरफ चला गया।
दोबारा लौटकर आए दबंगों ने चलाई गोली
घटना के करीब आधे घंटे बाद आरोपी नितिन अपने दो अन्य साथियों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर दोबारा दुकान पर आ धमका और खुलेआम तमंचा लहराने लगा। उस वक्त रितेश दुकान पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि नितिन ने रितेश की माँ शिवाकांती को रास्ते से हटने को कहा और तमंचे से गोली चला दी, जो शिवाकांती को जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इसके बाद जब आरोपी दूसरी गोली लोड करने लगा, तो पति साजन कुशवाहा ने अपनी पत्नी को बचाने के लिए पीछे से हमलावर को दबोच लिया। गुस्से में आकर आरोपी ने तमंचे के बट से साजन कुशवाहा के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे भी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
सौ साल पुराना पारंपरिक जवाबी कीर्तन कार्यक्रम स्थगित
इस दुस्साहसिक वारदात के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस खूनी संघर्ष और तनावपूर्ण माहौल के कारण गाँव में आयोजित होने वाला एक सदी (100 वर्ष) पुराना पारंपरिक जवाबी कीर्तन और जागरण का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। कुढ़हा माता मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने आपात बैठक कर सुरक्षा और शांति व्यवस्था की दृष्टि से कार्यक्रम को टालने का निर्णय लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा बरामद कर लिया है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें:-