कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मिलीं दो नाबालिग : घर से नाराज होकर बिना बताए निकली थीं दोनों बहनें, GRP ने अभियान मुस्कान के तहत दोनों को किया बरामद

ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी ने दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया, बच्चियों को पाकर परिवार ने जताया आभार

ऑपरेशन मुस्कान के तहत कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी ने दो नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद किया। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली दोनों बालिकाओं को पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने जीआरपी की तत्परता की सराहना की।

कानपुर, अमृत विचार। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकलीं दो नाबालिग बालिकाओं को जीआरपी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सकुशल बरामद कर लिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने से परिवारों ने राहत की सांस ली और जीआरपी पुलिस की तत्परता की सराहना की।

पुलिस उपाधीक्षक शेषमणि उपाध्याय के दिशा-निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में जीआरपी टीम स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में निगरानी की जा रही थी। तभी प्लेटफॉर्म पर दो नाबालिग बालिकाएं बैठी दिखाई दीं। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की।

पूछताछ में बालिकाओं ने अपनी पहचान मुस्कान (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 16 वर्ष और सुमन (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 15 वर्ष, निवासी रेहारी, थाना चंदवक, जिला जौनपुर के रूप में बताई। दोनों ने बताया कि घर में परिजनों की डांट से नाराज होकर वे बिना बताए निकल आई थीं।

महिला हेल्प डेस्क पर दी गई सुरक्षा

जीआरपी टीम ने दोनों बालिकाओं को महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की मौजूदगी में महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल पहुंचे, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को उनके सुपुर्द कर दिया। बच्चियों को सकुशल पाकर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई इस कार्रवाई से दो परिवारों को बड़ी राहत मिली।

ये भी पढ़ें :
NHM कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी : ग्रेच्युटी, EPF के साथ 5 लाख तक का इलाज होगा कैशलेस

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.