विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा EC, जानिए कितने मतदाताओं पर होगा एक बूथ

लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग की उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए आयोग ने कम मतदाताओं की संख्या वाले छोटे पोलिंग बूथ बनाएगा। अधिकतम 1200 मतदाताओं की संख्या पर एक पोलिंग बूथ होगा। 30 सितंबर तक पोलिंग बूथ और पोलिंग …

लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग की उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए आयोग ने कम मतदाताओं की संख्या वाले छोटे पोलिंग बूथ बनाएगा। अधिकतम 1200 मतदाताओं की संख्या पर एक पोलिंग बूथ होगा। 30 सितंबर तक पोलिंग बूथ और पोलिंग सेंटर बनेगे और इसके बाद मतदाता सूची में नाम जोडऩे और काटने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में पिछले दिनों पांच राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की थी जहां 2022 में चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 1.63 लाख से अधिक पोलिंग बूथ हैं।

1200 मतदाताओं पर एक पोलिंग बूथ बनाने से प्रदेश में करीब 24 से 25 हजार पोलिंग बूथ बढऩे की उम्मीद है। एक पोलिंग सेंटर पर यदि ज्यादा बूथ हैं तो उन्हें भी दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग की कोशिश है कि किसी भी पोलिंग सेंटर पर बहुत अधिक बूथ न बनाए जाएं। इससे पोलिंग सेंटर की संख्या भी बढ़ जाएगी। अभी 91572 पोलिंग सेंटर हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों को कोविड प्रोटोकाल के तहत छोटे पोलिंग बूथ बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पोलिंग स्टेशन नए सिरे से सुव्यवस्थित करने के लिए कहा है।

विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की तारीख चुनाव आयोग तय करेगा। निर्वाचन आयोग नए पोलिंग बूथ व पोलिंग सेंटर बनाने में इस बात का भी ध्यान रखेगा कि मतदाताओं को वोट देने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूर न जाना पड़े। साथ ही पोलिंग सेंटर पर पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली आदि न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता का ख्याल रखा जाएगा। बूथ व सेंटर बनने के बाद मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। एक जनवरी 2022 को जिनकी उम्र 18 वर्ष या इससे अधिक हो जाएगी उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा की पहली बैठक 15 मई 2017 को हुई थी, इसका कार्यकाल 14 मई 2022 तक है।

उत्तर प्रदेश के साथ जिन चार राज्यों का चुनाव 2017 में हुआ था उनमें गोवा का कार्यकाल 15 मार्च, मणिपुर का 19 मार्च, उत्तराखंड का 23 मार्च व पंजाब का 27 मार्च को खत्म होगा। यदि इस बार भी पांचों राज्यों के चुनाव साथ हुए तो फरवरी व मार्च में मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के चुनाव की घोषणा चार जनवरी 2017 को हुई थी। सात चरणों में चुनाव हुआ था। पहले चरण की अधिसूचना 17 जनवरी को व सातवें चरण की अधिसूचना 11 फरवरी को जारी हुई थी। मतदान 11 फरवरी, 15 फरवरी, 19 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, चार मार्च व आठ मार्च को हुआ था। मतगणना 13 मार्च को हुई थी।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).