लखनऊ: स्मार्ट सिटी के नाम पर छह माह से खोदकर छोड़ दी सड़क, आम नागरिक परेशान

लखनऊ। राजधानी को स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद के चलते लगभग डेढ़ साल से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। स्मार्ट सिटी के काम से शहर में जगह-जगह जाम का संकट है। कार्य के चलते मुख्य मार्गों पर एक तरफ का रास्ता लगभग छह महीनों से बंद है। …

लखनऊ। राजधानी को स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद के चलते लगभग डेढ़ साल से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। स्मार्ट सिटी के काम से शहर में जगह-जगह जाम का संकट है। कार्य के चलते मुख्य मार्गों पर एक तरफ का रास्ता लगभग छह महीनों से बंद है। एक ही तरफ से दोनों ओर का ट्रैफिक संचालन किया जा रहा है जिससे भीषण जाम लगता है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत राजधानी लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए लगभग डेढ़ साल पहले कार्य शुरू हुआ था। जिसके तहत हजरतगंज से लेकर लालबाग, कैसरबाग, चौक आदि क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है।

कार्यदायी संस्था जल निगम ने पूरे शहर में सीवर डालने के लिए सड़कों से लेकर गलियों में खुदाई तो कर दी लेकिन छह महीनों तक सड़कें वैसे ही खुदी पड़ी रहीं। राणा प्रताप मार्ग से लेकर शहीद स्मारक रोड पर एक तरफ की रोड खुदाई के बाद अभी तक ऐसे ही पड़ी है। जबकि इस रोड पर दिन भर वाहनों की भीड़ रहती है। लगभग 6 महीनों से एक ही तरफ से ट्रैफिक का संचालन हो रहा है। जिससे पुराने लखनऊ, चौक, मेडिकल कॉलेज आदि क्षेत्र से आने-जाने वालों को भीषण जाम का सामना करना पड़ता है। यहां से गुजरने वाले लोगों में प्रशासन और जल निगम के प्रति आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क जल्द नहीं बनायी गयी तो प्रदर्शन कर विरोध जताएंगे।

जिम्मेदार जागे तो लालबाग की बनाईं सड़कें

लालबाग से लेकर हजरतगंज क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर जनता की शिकायतों के बाद जिम्मेदार जाग गए। पिछले महीने जब मामला मीडिया में उछला तो आनन-फानन ठेकेदारों ने कार्य पूरा कर सड़कें सही करा दी हैं। इन क्षेत्रों में कार्यदायी संस्था जल निगम ने सीवर लाइन डालने के लिए लगभग एक साल पहले जगह—जगह सड़कें खोदकर छोड़​ दी थीं। जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।

लालबाग और हजरतगंज क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कें सही करा दी गयी हैं। राणा प्रताप मार्ग का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा जिसके बाद सड़क सही करा दी जाएगी…अजय द्विवेदी, सीईओ स्मार्ट सिटी लखनऊ

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).