लखनऊ, अमृत विचार । कल यानी सोमवार से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एक सप्ताह तक सेल्फी विद सरकारी स्कूल अभियान शुरू करेंगे। इस अभियान के माध्यम से आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के स्कूलों की असल दशा दिखाने की बात कह रही है। इस बात की जानकारी राज्य सभा सदस्य व आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने दी है। आज गोमती नगर स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय पर संजय सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुये कहा कि यह पत्रकार वार्ता सरकारी स्कूलों की दुर्दशा को लेकर है। उत्तर प्रदेश में हमारे बच्चों के साथ सरकार क्या कर रही है,यह सभी की जानकारी में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर बीजेपी नेताओं को बुलाया गया था सरकारी स्कूल देखने के लिए,लेकिन बीजेपी नेताओं ने स्कूलों की व्यवस्था नहीं देखी। हमारे द्वारा चलाये जा रहे स्कूलों की व्यवस्था देखने को तैयार नहीं थे,जबकि आम आदमी पार्टी के नेता व विधायक जब दिल्ली स्थित एमसीडी के स्कूलों में व्यवस्था देखने पहुंचे,तो करीब 23 स्कूल खंडहर बन चुके हैं,ऐसे खंडहर में गरीबों के बच्चे पढ़ते हैं।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे देश में भाजपा शासित राज्यों में सरकारी स्कूल बंद किये गये हैं। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूल बंद हुये हैं।
ये दी जानकारी
– यूपी में 25577 स्कूल बंद हुये।
– एमपी में 22824 स्कूल बंद हुये।
– असम में 6271 स्कूल बंद हुये ।
– उत्तराखंड में 1101 स्कूल बंद हुये।
– कर्नाटक में 633 स्कुल बंद हुये हैं।
संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस दौरान कई सवाल पूंछे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी सरकारी स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें –पिथौरागढ़: बॉक्सिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे विश्वास मेहरा