उप्र में टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 35 हजार प्रतिदिन किया जाय: योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक महामारी कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिये टेस्टिंग क्षमता को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आरटीपीसीआर तथा ट्रूनैट से टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 35 हजार टेस्ट प्रतिदिन किया जाय। योगी ने बुधवार को यहां लोकभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक महामारी कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिये टेस्टिंग क्षमता को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आरटीपीसीआर तथा ट्रूनैट से टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 35 हजार टेस्ट प्रतिदिन किया जाय।

योगी ने बुधवार को यहां लोकभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य में टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 35 हजार टेस्ट प्रतिदिन किया जाय। आरटीपीसीआर, ट्रूनैट तथा तथा रैपिड एन्टीजन टेस्ट के माध्यम से भी बड़ी मात्रा में प्रतिदिन टेस्ट किए जाएं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक सैम्पल लेने के लिए अतिरिक्त टीमें गठित करते हुए इनके सदस्यों को सैम्पल कलेक्शन का प्रशिक्षण दिया जाए।

उन्होंने कहा कि ट्रूनैट मशीन द्वारा टीबी का टेस्ट भी किया जा सकता है। इस प्रकार यह मशीन बहुउपयोगी है, इसके माध्यम से कोरोना की जांच तथा टीबी की टेस्टिंग भी सम्भव है। निजी चिकित्सालयों को ट्रूनैट मशीन की स्थापना एवं उसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। योगी ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने में कोविड हेल्प डेस्क एक मजबूत कड़ी है।

कोविड हेल्प डेस्क की संख्या में बढ़ोत्तरी की जाय। कोविड हेल्प डेस्क का नियमित व सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। कोविड एवं नाॅन कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखा जाए। जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी अपने जिले के अस्पतालों के कार्यों की नियमित माॅनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि सभी कोविड व नाॅन कोविड अस्पतालों में डाॅक्टर, नर्स लगातार राउण्ड लें।

अस्पतालों मे साफ-सफाई की दुरुस्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में 48 घण्टे का ऑक्सीजन बैकअप अवश्य उपलब्ध रहना चाहिए। उन्होंने पुलिस तथा पीएसी कर्मियों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए। योगी ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए इसके बचाव के बारे में लोगों को जागरूक किया जाना भी आवश्यक है।

जनता को कोरोना से बचाव सम्बन्धी उपायों की जानकारी पब्लिक एड्रेस सिस्टम से दिए जाने की व्यवस्था जारी रखी जाए। लोगों को यह भी बताया जाए कि ‘दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी’ को अपनाकर इस बीमारी से बचा जा सकता है। यह भी आवश्यक है कि अनलाॅक अवधि में लोग अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। कोविड-19 के संक्रमण तथा संचारी रोगों के प्रसार को रोकने में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए योगी ने राज्य में तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह अभियान आगामी शुक्रवार, शनिवार तथा रविवार को ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में चलाया जाएगा। नगर विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग तथा पंचायतीराज विभाग सहित अन्य विभागों एवं संस्थाओं द्वारा पूर्ण समन्वय के साथ यह अभियान संचालित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान प्रगति पर है।

अभियान के दौरान सभी जिलों में एन्टीलार्वा रसायन का छिड़काव किया जाए। साथ ही, फाॅगिंग की भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए पाइप पेयजल योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। पानी की टंकियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। विशेष प्राथमिकता प्रदान करते हुए गांवों में सामुदयिक शौचालय का निर्माण कराया जाए।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).