गंभीर परिस्थितियों में भी सरकार का मूकदर्शक बने रहना खतरनाक: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर बयान देकर पल्ला झाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि गंभीर परिस्थितियों में भी सरकार का घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहना खतरनाक है। अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना और कानून व्यवस्था के …

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर बयान देकर पल्ला झाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि गंभीर परिस्थितियों में भी सरकार का घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहना खतरनाक है। अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना और कानून व्यवस्था के संकट से लोग बुरी तरह पीड़ित और आतंकित है।

प्रदेश में दो मंत्रियों की कोरोना से दुःखद मौत हो चुकी है। विधायक भी इसके शिकार हैं। स्थितियां दिन प्रतिदिन गम्भीर होती जा रही हैं। सरकार का घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहना खतरनाक है। उन्होंने कहा कि डाॅक्टर, सीएमओ का निधन भी इस बीमारी में हो चुका है। भाजपा सरकार में अपराधिक घटनाएं भी थम नहीं रही है। पुलिस बेगुनाहों, लाचार लोगों पर हाथ उठाने लगी है क्योंकि बाहुबली नेताओं और गुण्डों के आगे वह असहाय बन जाती है।

अपराध और शासन के गठजोड़ ने पूरे प्रदेश को बदनाम कर दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना का कहर जारी है। राजधानी लखनऊ में शनिवार, रविवार को 1485 लोगों को संक्रमण हुआ और 25 मरीजों ने दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश में रविवार तक कोरोना मरीजों की संख्या एक लाख 54 हजार 515 हो गई। कल तक कुल 2449 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। इस महामारी से लोगों के दिलों में डर पैदा हो चला है।

बाजार में कामकाज अभी भी गति नहीं पकड़ सका है। अस्पतालों में बेड और दवाओं की मारामारी है। फिर भी सरकार का बड़बोलापन जारी है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान पर पुलिस के जुल्म की ललितपुर में इंतिहा हो गई जब एक बुजुर्ग की पुलिस ने बर्बरतापूर्ण पिटाई की और उसके कान के पर्दे फट गए। यह पुलिस की शून्य संवेदनशीलता की परिचायक है।

मुख्यमंत्री के वी.वी.आई.पी. जिले गोरखपुर में वकील राजेश्वर पाण्डेय की हत्या कर दी गई। जगदीशपुर (अमेठी) में एक नाबालिग लड़की से दुराचार किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि गाजियाबाद में पेट्रोल पम्प के कर्मचारी पर बदमाशों ने गोली चलाई। बरेली कोविड सेन्टर में रेप करने वाला पुलिस की पकड़ से बाहर, हमीरपुर में विवाहिता ने फांसी लगा ली।

मैनपुरी की गौशाला में एक दर्जन गायों की मौत हो गई। आगरा सहित दर्जनों गांवों में मारपीट और झगड़े में लोगों को गम्भीर चोट लगना प्रतिदिन की घटनाएं हैं। गोण्डा के बल्लीपुर गांव में किशोरी के भाई की मौत छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुई। बाराबंकी में युवती का शव सूटकेस में रखकर अपराधी ने फेंक दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो हालात है उसमें मुख्यमंत्री तो सिर्फ बयान देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। उनकी टीम-इलेवन का भी अब अतापता नहीं रहता है। कोरोना और अपराध दोनों को रोकने में भाजपा सरकार अक्षम है। इस सत्य को सरकार को स्वीकार करना चाहिए।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).