बदला मौसम का रुख, कल से कोहरे के साथ बढ़ेगी ठंड की रफ्तार, बूंदाबांदी के आसार

बदलेगा मौसम, बढ़ेगा न्यूनतम तापमान

लखनऊ, अमृत विचार: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण इधर दो दिन ठंड थोड़ा कम रहेगी। लेकिन धीरे-धीरे अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर देगी। सोमवार को बूंदाबांदी के आसार हैं। दस दिसंबर से कोहरे के साथ ही ठंड बढ़ने लगेगी।

पश्चिमी विक्षोभ रविवार और सोमवार को सक्रिय रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अधिकतम तापमान एक से दो और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा। सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मंगलवार से मौसम बदलेगा। सुबह मध्यम कोहरा छा सकता है। पारा लुढ़कने के कारण ठंड का एहसास होगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से अगले तीन-चार दिनों तक ठंड बढ़ेगी।

पारा 3.6 डिग्री लुढ़का, ठंड के साथ बढ़ी गलन

हवा की बदली दिशा और गति ने ठंड बढ़ा दी है। तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3.6 और न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। सोमवार और मंगलवार को मौसम सामान्य था। बुधवार को पछुवा और उत्तर पश्चिम दिशा से हवा चली साथ ही हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे रही। हवा की बदली दिशा और गति से ठंड बढ़ने के साथ गलन भी बढ़ गई थी। इसके चलते ही तापमान भी गिर गया था। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार को मौसम सामान्य रहेगा। मंगलवार से फिर ठंड बढ़ेगी।

दिनांक - अधिकतम तापमान - न्यूनतम तापमान

4 दिसंबर - 29.3 - 11.6
5 दिसंबर - 26.8 - 12.2
6 दिसंबर - 25.7 - 9.6
7 दिसंबर - 25.7 - 9.4

152 पहुंचा शहर का एक्यूआई 
वायु प्रदूषण से दो दिन राहत के बाद शनिवार को फिर दो क्षेत्र आरेंज जोन में आ गए। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 152 रहा। बुधवार से हवा की दिशा बदल गई थी। हवा पछुवा और उत्तर पश्चिम दिशा से चली साथ ही गति भी अधिक थी। दिशा बदलने और गति अधिक होने के कारण वायु प्रदूषण कम हुआ था। शनिवार को हवा की गति कम हुई तो वायु प्रदूषण फिर बढ़ गया। बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय में 126, गोमतीनगर 147, तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र 118 और कुकरैल पिकनि स्पाट-1 में एक्यूआई 84 रहा। जबकि केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में 217 और लालबाग में 219 रहा।

यह भी पढ़ेः यूपी के सभी विभागों में लगा ESMA, छह महीने तक नहीं कर सकते कोई हड़ताल

 

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.