नीब करोरी बाबा के भक्तों के लिए बड़ी सौगात, बनेगा आध्यात्मिक सर्किट; UPSTDC ने लॉन्च किए 5 खास टूर पैकेज

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित कर रहा है। बाबा के जीवन और साधना से जुड़े प्रमुख स्थलों को इसमें जोड़ा जाएगा।

बाबा के महासमाधि दिवस पर यूपीएसटीडीसी ने शुरू किए पांच विशेष टूर पैकेज
दिल्ली-लखनऊ से 2, 3 और 5 दिन की यात्रा, स्थलों के विकास पर 12.93 करोड़ खर्च

लखनऊ, अमृत विचार: श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। बाबा के जीवन और साधना से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित किया जा रहा है। महासमाधि दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए बाबा के नाम से पांच विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए हैं। दिल्ली और लखनऊ से संचालित होने वाले इन पैकेजों में दो, तीन और पांच दिन की यात्राएं शामिल हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि नीब करोरी बाबा की आस्था, सादगी और सेवा की विरासत आज भी देश-विदेश के लोगों को प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाबा से जुड़े स्थलों को संरक्षित करने के साथ उनकी पर्यटन क्षमता विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। 

फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के पहले चरण में पर्यटन सुविधाओं पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। दूसरे चरण की 2.22 करोड़ रुपये की परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू की जाएगी।

फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास की 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है। यहां यात्रियों के ठहरने के लिए भवन, मुख्य द्वार और सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। अकबरपुर में बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक, बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी हॉल, डाइनिंग हॉल, 50 क्षमता की कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री विकसित की जा रही है।
इनसेट

जन्मस्थली से महासमाधि स्थल तक जुड़ेगा सफर

‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ में वृंदावन स्थित समाधि मंदिर, फिरोजाबाद का अकबरपुर गांव, फर्रुखाबाद का नीब करोरी बाबा आश्रम धाम मंदिर और लखनऊ का हनुमान सेतु मंदिर शामिल हैं। इस तरह बाबा की जन्मस्थली से लेकर साधना स्थल और महासमाधि स्थल तक जुड़े प्रमुख स्थानों को एक पर्यटन मार्ग में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें :  
CM Dashboard Ranking: शाहजहांपुर ने फिर मारी बाजी, टॉप-3 में रामपुर और बरेली 

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.